- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- दीपावली की सफाई शुरू, नगर निगम के...
Jabalpur News: दीपावली की सफाई शुरू, नगर निगम के पास अभी पर्याप्त इंतजाम नहीं, कैसे उठेगा अतिरिक्त कचरा

Jabalpur News: शहर में दीपावली की सफाई का काम शुरू हो गया है। दुकानों और घरों से अतिरिक्त कचरा निकल रहा है। नगर निगम पहले से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 50 कचरा गाड़ियों की कमी से जूझ रहा है। नगर निगम के पास दीपावली का अतिरिक्त कचरा उठाने के लिए इंतजाम नहीं है। ऐसे में दीपावली पर्व के दौरान शहर की सड़कों से कचरा कैसे उठेगा। इसके लिए नगर निगम के पास कोई कार्ययोजना नहीं है।
नगर निगम के 79 वार्डों में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए 450 कचरा गाड़ियों की जरूरत है, जबकि नगर निगम के पास 400 कचरा वाहन ही हैं। 50 कचरा गाड़ियों की कमी के कारण सामान्य दिनों में भी कई क्षेत्रों का कचरा एकत्रित नहीं हो पा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सूत्रों के अनुसार दीपावली की सफाई के दौरान दुकानों और घरों से अतिरिक्त कचरा निकलता है। अतिरिक्त कचरा उठाने के लिए कम से कम 100 कचरा गाड़ियों की जरूरत होगी। इसके लिए नगर निगम ने अभी तक इंतजाम नहीं किया है।
जगह-जगह लगे कचरे के ढेर
दशहरा पर्व के समापन के साथ ही लोगों ने अपने-अपने घरों की सफाई का काम शुरू कर दिया है। कचरा गाड़ियों के नहीं आने के कारण लोग अब सड़कों पर कचरा फेंकने लगे हैं। शहर में कांचघर, शीतलामाई, बेलबाग, फूटाताल, सराफा, गढ़ा, गोरखपुर, रांझी, अधारताल, गोहलपुर, विजय नगर और सिविल लाइन्स की सड़कों पर कचरे के ढेर लगे हुए हैं। क्षेत्रीय नागरिक लगातार शिकायत कर रहे हैं, लेकिन नगर निगम के अधिकारी ध्यान नहीं दे रहे।
अन्य संसाधनों का भी अभाव
नगर निगम के पास वर्तमान में कचरा उठाने के लिए 30 जेसीबी मशीन और 50 डम्पर और ट्रैक्टर हैं। जानकारों का कहना है कि ज्यादातर लोग दीपावली पर निकलने वाले कचरे को सड़क पर ही फेंक देते हैं। ऐसे में दीपावली का अतिरिक्त कचरा उठाने के लिए जेसीबी मशीन, डम्पर और ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ानी होगी। यदि जल्द ही कचरा उठाने के लिए संसाधन नहीं बढ़ाए गए, तो आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
सफाई कर्मियों को वेतन नहीं
नगर निगम के ठेका सफाई कर्मियों को वेतन का भुगतान नहीं किया जा रहा है। कई वार्डों में सफाई कर्मी काम नहीं कर रहे हैं। जानकारों का कहना है कि जल्द ही ठेका सफाई कर्मियों को वेतन का भुगतान नहीं किया गया, तो बड़ी समस्या खड़ी हो सकती है।
दीपावली पर निकलने वाले अतिरिक्त कचरे को उठाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जा रही है। अतिरिक्त कचरा उठाने के लिए जल्द ही जेसीबी मशीन, डम्पर और ट्रैक्टरों की संख्या बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है।
- अंकिता बर्मन, स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम
Created On :   9 Oct 2025 6:45 PM IST