Jabalpur News: नालियां हुईं चोक, सड़क पर बह रहे गंदे पानी से हलाकान हो रहे लोग

नालियां हुईं चोक, सड़क पर बह रहे गंदे पानी से हलाकान हो रहे लोग
  • सड़क भी हुई खराब, नागरिकों में पनप रहा आक्रोश
  • क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि यहां कई महीनों से नालियों की साफ-सफाई नहीं हुई।
  • पानी की निकासी नहीं होने और नालियां चोक होने के कारण समस्या विकराल होती जा रही है।

Jabalpur News: दादा ठनठनपाल वार्ड क्रमांक-72 के अंतर्गत विजयनगर कचनार सिटी के नजदीक मथुरा विहार से महर्षि महेश योगी वैदिक विश्वविद्यालय को जाने वाले मार्ग के दोनों ओर बनी नालियां चोक हो गई हैं। हालात ये हैं कि नाली का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है। जिससे पूरी सड़क के धुर्रे उड़ गए हैं और यहां पर चलना नागरिकों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।

बारिश में तो सड़क का हाल और बेहाल है। क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि यहां कई महीनों से नालियों की साफ-सफाई नहीं हुई। धीरे-धीरे नालियां चोक होती चली गईं। अब हालात ये हैं कि नाली का गंदा पानी लोगों के घरों के सामने से बह रहा है। सड़क पर मौजूद गड्ढों में नाली का पानी भर जाता है और तब आवागमन के लिए लोगों को परेशानी हो रही है। पूरी सड़क पर हुए गड्ढे दुर्घटना का कारण बन रहे हैं। निगम के अधिकारियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायत की जा चुकी है। इसके बावजूद जिम्मेदार मौन हैं।

नालियों पर हुआ अतिक्रमण, निकासी नहीं

काॅलोनी वासियों ने बताया कि कुछ लोगों के द्वारा नाली के ऊपर अतिक्रमण कर रेम्प बना लिए गए हैं। जिससे नाली की साफ-सफाई नहीं हो पा रही है। पानी की निकासी नहीं होने और नालियां चोक होने के कारण समस्या विकराल होती जा रही है।

दूषित पानी से संक्रामक रोगों का खतरा

क्षेत्रीय नागरिकों ने बताया कि मथुरा विहार काॅलोनी की नालियां गंदगी और कचरे से भरी हुई हैं। बारिश में ओवरफ्लो होने से नालियों का गंदा पानी सड़क पर बह रहा है, जिससे लोगों को संक्रामक रोगों का खतरा सता रहा है। कॉलोनी में दिन भर वाहनों की आवाजाही होती है। इस सड़क से स्कूली बच्चे, बुजुर्ग सभी निकलते हैं। नालियों की सफाई नहीं होने से काॅलोनी में रहने वाले लोग परेशान हैं।

नाली और सड़क निर्माण की मांग

क्षेत्रीय नागरिकों ने नगर निगम के अधिकारियों से नालियों की सफाई कराने और खराब हुई सड़क का जल्द से जल्द निर्माण कराने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

दादा ठनठनपाल वार्ड मथुरा विहार कॉलोनी में नालियां चोक होने की शिकायत सामने आई है। यहां जल्द ही नालियों को साफ किया जाएगा और पानी निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।

-धर्मेन्द्र राज, सहायक स्वास्थ्य अधिकारी, ननि

Created On :   7 Aug 2025 4:37 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story