Jabalpur News: 10 दिन बाद भी बरेला टोल में चालू नहीं करा पाए पूरी लेन

10 दिन बाद भी बरेला टोल में चालू नहीं करा पाए पूरी लेन
  • हर दिन परेशान हो रहे वाहन चालक, टोल काे अपग्रेड करने के नाम पर और कबाड़ा कर दिया
  • लोगों का आरोप- टोल कर्मी मनमानी पर उतारू
  • टोल वसूली वाली वंशिका कंस्ट्रक्शन कंपनी और उसके नुमाइंदों काे जैसे खुली छूट दे दी गई है।

Jabalpur News: जबलपुर-मंडला रोड पर जब से बरेला टोल प्लाजा आरंभ हुआ तब से इसमें सुविधा जुटाने के नाम पर कोई विशेष प्रयास तक नहीं किए जा सके। टोल से जैसे ही वाहन क्रॉस होने की प्रोसेस में होता है तो वाहन चालक परेशान हुए बिना आगे बढ़ ही नहीं सकता है। इस टोल प्लाजा की जो टूलेन 10 दिन पहले बंद थी वे अब भी एक तरह से जाम है। लंबे वक्त से टोल की केवल दो लेन से पूरी टोल वसूली की जा रही है।

चार में से केवल दो लेन चालू होने का मतलब यही है कि वाहन चालक अच्छी खासी मशक्क्त के बाद ही आगे बढ़ पाता है। टोल से अक्सर निकलने में परेशान होने वाले लोगों का कहना है कि हाईवे के टोल में इस तरह की अराजक व्यवस्था कई तरह के सवाल खड़ा करती है। अधिकारी टोल की वसूली तो पूरी करा रहे हैं लेकिन सड़क में चलने वाले लोगों को इससे क्या असुविधा हो रही है, उसकी ओर ध्यान देने तैयार नहीं हैं। अब तो टोल काे अपग्रेड करने के नाम पर और कबाड़ा कर दिया गया है। टोल पर वाहनों का लंबा जाम लगाया जा रहा है।

नियम दरकिनार, अपनी शर्तों पर वसूला जा रहा टोल

किसी टूलेन वाली सड़क में भी निर्धारित नियम के अंतर्गत टोल वसूली फोरलेन के पैटर्न पर ही होती है। इसमें दोनों ओर से निकलने वाले वाहन चालकों की सुविधा का ध्यान दिया जाता है। यहां लेकिन इस नियम को पूरी तरह से नजरअंदाज कर दिया गया है। टोल वसूली वाली वंशिका कंस्ट्रक्शन कंपनी और उसके नुमाइंदों काे जैसे खुली छूट दे दी गई है।

इतने दिनों में भी कोई सुधार नहीं कर सके

फोरलेन के पैटर्न में टोल वसूली न हो पाने को लेकर कहा जा रहा है कि इसके बूम बैरियर को किसी वाहन चालक ने तोड़ दिया। इस वजह से टूलेन से वाहन गुजारकर वसूली की जा रही है। बीते 10 दिनों में इन टूटे बैरियर का टोल कंपनी वाले सुधार नहीं करा सके। रविवार की शाम को भी बरेला टोल की 4 में से टूलेन पूरी तरह ब्लॉक थीं और टोल कर्मी जाम लगाकर टोल की वसूली कर रहे थे। इस दौरान हर दिन की तरह वाहन मालिक खाते से पैसा अदा करने के बाद भी टोल प्लाजा में कतारों में लगे रहे।

लोग बोले: नागाघाटी के उस पार लगना चाहिए यह टोल

वैसे बरेला टोल को लेकर लोग कई सालों से सवाल उठा रहे हैं। कोई व्यक्ति यदि बरेला सड़क से निवास, अमरकंटक जाना चाहता है तो केवल 10 से 12 किलोमीटर दूरी तय कर ही वह टोल अदा कर देता है। हाईवे पर जो टोल लगना चाहिए उसके अनुसार तो इस टोल को नागाघाटी के उस पार लगना चाहिए पर इसको दो सड़कों में वसूली के चलते पहले बना दिया गया। इसको लेकर जनता कई सालों से सवाल उठा रही है।

Created On :   5 May 2025 6:36 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story