- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- चंद घंटों में तकरीबन 3 इंच बरस गए...
Jabalpur News: चंद घंटों में तकरीबन 3 इंच बरस गए बादल, सड़के जलमग्न, कॉलोनियां कीचड़ के हवाले

- मदन महल अंडरब्रिज, शहीद स्मारक लबालब, सिविक सेंटर, करमचंद चौक, गौरीघाट और शास्त्री नगर में भी भरा पानी
- नगर निगम द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर का कचरा नहीं उठाया जा रहा है।
- सीजन में पहली बार एक दिन में इतना पानी गिरा।
Jabalpur News: मानसून आए भले ही काफी वक्त हो गया, लेकिन बादल पहली बार दिल खोलकर बरसे। चंद घंटों के भीतर तकरीबन 3 इंच बारिश हो गई। बादलों की इतनी बड़ी खेप आसमान पर आई कि दिन में कई बार तो अंधेरा छा गया। बहरहाल, बारिश ने उमस की बेचैनी से खूब सुकून बांटा। दूसरा पहलू यह भी है कि जगह-जगह जलभराव की स्थिति देखने मिली। दो स्थानों पर पेड़ और शाखाएं गिरीं। बिजली की आंख मिचौली का दौर भी चलता रहा। शहीद स्मारक के मैदान तालाब नजर आने लगे।
रानीताल स्टेडियम के वेलोड्रम में भी पानी भर गया। इसके अलावा निचले इलाकों में स्थित कॉलोनियों के घरों में पानी भर गया। नगर निगम की टीम दिन भर पानी निकालने में जुटी रही। लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव होते ही नगर निगम के बाढ़ नियंत्रण कक्ष के फोन घनघनाने लगे। शहर की कई कॉलोनियों में पानी भरे रहने के कारण लोगों को परेशानी हुई, फिर भी नगर निगम ने ध्यान नहीं दिया।
कृषि उपज मंडी का कचरा नहीं उठा रहा नगर निगम
नगर निगम द्वारा कृषि उपज मंडी परिसर का कचरा नहीं उठाया जा रहा है। इसके कारण मंडी में सड़ी सब्जियों और फलों से दुर्गन्ध उठ रही है। हालत यह है कि यहां पर पांच मिनट भी खड़े होना मुश्किल हो रहा है। जानकारों का कहना है कि टैक्स नहीं चुकाने पर नगर निगम ने कचरा उठाना बंद कर दिया है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट, सामान्य से 8 डिग्री कम रहा तापमान
ऑरेंज अलर्ट पर चल रहे शहर में शुक्रवार को बादल जमकर मेहरबान रहे। सुबह से दोपहर 2:30 बजे तक करीब पौने तीन इंच पानी गिर गया। सीजन में पहली बार एक दिन में इतना पानी गिरा। रात 11:30 बजे तक मौसम विभाग के रिकॉर्ड में कुल 2.92 इंच बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटे में वज्रपात के साथ अतिवर्षा की चेतावनी जारी की है।
बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट देखी गई। दिन और रात के तापमान में सिर्फ 2 डिग्री का अंतर रहा, जिसके चलते मौसम में ठंडक घुल गई। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 8 डिग्री कम था। वहीं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से 2 डिग्री कम था।
मौसम विभाग ने जिले में अधिकांश स्थानों पर वर्षा या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वर्तमान में हवा दक्षिणी पश्चिमी है। शुक्रवार रात जिले में इस सीजन की कुल बारिश का आंकड़ा 12.28 इंच तक पहुंच गया है। रात में भी बारिश होती रही।
ये कैसा मेंटेनेंस...जरा सी बारिश में ही गुल हो जाती है बिजली
गर्मी शुरू होते ही बिजली लाइनों का मेंटेनेंस शुरू कर दिया जाता है ताकि बारिश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो लेकिन ये तमाम दावें हवा-हवाई हो जाते हैं। बारिश की बूंदें जैसे ही गिरती हैं वैसे ही बिजली को शर्म आ जाती है और वह गायब होने लगती है। शुक्रवार की सुबह तेज बारिश हुई तो पूरा बिजली सिस्टम छिन्न-भिन्न हो गया।
आधे से अधिक शहर में फाॅल्ट आने लगे और बिजली गुल हो गई। सिविल लाइन जैसे पॉश ऐरिया में भी करीब एक घंटे तक बिजली बंद रही। सुधार में भी वक्त लगा जिससे लोग परेशान हो गए। अधिकारियों को जानकारी दी गई तब जाकर बड़ी मुश्किल से फाॅल्ट दूर हो सके।
सिविल लाइन में ही नहीं हुआ, विजय नगर, अमखेरा, धनवंतरी नगर, माढ़ोताल, करमेता, रांझी, सुहागी, महाराजपुर आदि क्षेत्रों में भी बारिश के दौरान बिजली गुल से लोगों का सामना हुआ और उन्हें परेशानी उठानी पड़ी।
Created On :   5 July 2025 2:11 PM IST