- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- डुमना नेचर पार्क में मिट्टी पर चलने...
Jabalpur News: डुमना नेचर पार्क में मिट्टी पर चलने की जगह मिल रही है गिट्टी की चुभन

- घायल तक हो रहे बच्चे, शिकायत के बाद भी ध्यान नहीं दे रहे नगर निगम के अधिकारी
- जबलपुर शहर से 12 किलोमीटर दूर होने के कारण यहां पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं।
- डुमना नेचर पार्क में 12 किलोमीटर का साइकिलिंग ट्रैक भी बनाया गया है।
Jabalpur News: नगर निगम अक्सर अपनी कार्यप्रणाली को लेकर चर्चाओं में रहता है। ताजा मामला डुमना नेचर पार्क का सामने आया है। नगर निगम ने यहां पर सड़क पर गिट्टियां डाल दी हैं। इससे यहां पर आने वाले बच्चे चोटिल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी सड़क से गिट्टियां नहीं हटाई जा रही हैं। 2 हजार एकड़ में फैला डुमना नेचर पार्क एशिया का सबसे बड़ा अर्बन फाॅरेस्ट है।
जबलपुर शहर से 12 किलोमीटर दूर होने के कारण यहां पर बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं। इनमें बड़ी संख्या बच्चों की होती है। हाल ही में नगर निगम ने यहां की सड़क पर गिट्टी डाल दी है। गिट्टी पर गिरकर बच्चे चोटिल हो रहे हैं। शिकायत के बाद भी नगर निगम के अधिकारी सड़क पर से गिट्टी नहीं हटा रहे हैं। इसके पीछे तर्क दिया जा रहा है कि सड़क कच्ची होने के कारण बारिश में कीचड़ हो जाता है, इसलिए सड़क पर गिट्टी डाली गई है।
डुमना नेचर पार्क की सड़क कच्ची है। यहां पर पक्का निर्माण नहीं किया जा सकता है। पर्यटकों की सुविधा के लिए बारिश में कीचड़ को रोकने के लिए सड़क पर गिट्टी डाली गई है।
-आलोक शुक्ला, उद्यान अधिकारी
कीचड़ को रोकने मुरुम डालना बेहतर विकल्प
विशेषज्ञों का कहना है कि डुमना नेचर पार्क की सड़क पर बारिश में कीचड़ रोकने के लिए मुरुम डालना बेहतर विकल्प है। मुरुम डालने से सड़क का प्राकृतिक स्वरूप बरकरार रहेगा। बारिश में सड़क पर कीचड़ भी नहीं होगा। इसके साथ ही यहां पर बच्चे चोटिल भी नहीं होंगे।
12 किलोमीटर का है साइकिलिंग ट्रैक
डुमना नेचर पार्क में 12 किलोमीटर का साइकिलिंग ट्रैक भी बनाया गया है। साइकिलिंग ट्रैक को प्राकृतिक स्वरूप में कच्चा ही रखा गया है। यहां पर रोजाना बड़ी संख्या में आसपास के लोग साइकिलिंग के लिए आते हैं। साइकिलिंग ट्रैक को इसलिए कच्चा रखा गया है कि यहां पर जंगल में रहने वाले जानवर को नुकसान नहीं हो सके।
प्राकृतिक स्वरूप में होना चाहिए नेचर पार्क
सभी नेचर पार्क में प्राकृतिक रूप से कच्ची सड़क होती है। डुमना नेचर पार्क की भी सड़क शुरू से ही कच्ची थी। सड़क पर गिट्टी डालकर नगर निगम प्रकृति के साथ खिलवाड़ कर रहा है। इससे न केवल बच्चे चोटिल हो रहे हैं, बल्कि जानवरों को भी नुकसान पहुंच रहा है। नगर निगम को सड़क का संरक्षण प्राकृतिक तरीके से ही करना चाहिए। यहां पर गिट्टी डालना उचित नहीं है।
-निकिता खम्परिया, पर्यावरण विद
Created On :   19 May 2025 6:51 PM IST