Jabalpur News: पिछले साल 23 जून को आया था मानसून, इस बार जल्द दस्तक देगा

पिछले साल 23 जून को आया था मानसून, इस बार जल्द दस्तक देगा
  • एक्सपर्ट का कहना- पूर्वी मध्य प्रदेश के शहरों में भी तेजी के साथ आगे बढ़ेगा
  • इन हालातों में जबलपुर सहित आसपास के जिलों में भी पहले वर्षा आरंभ हो जाएगी।
  • शहर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना है।

Jabalpur News: दक्षिण-पश्चिमी मानसून शहर में बीते साल 23 जून को सक्रिय हुआ था। इस बार केरल के तट पर मानसून 27 से 28 मई के बीच में सक्रिय होने की संभावना बताई जा रही है। 3 से 4 दिन पहले मानसून की एंट्री होगी इसमें संभावना यही बताई जा रही है कि उसी तेजी के साथ या स्ट्राॅन्ग सिस्टम के साथ यदि आगे बढ़ता है तो जबलपुर में भी मानसून समय से पहले अपनी दस्तक दे सकता है।

वैसे मध्य प्रदेश में मानसून आने की तिथि 15 जून है लेकिन यह हर बार अलग-अलग समय में सक्रिय होता है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक देवेन्द्र तिवारी कहते हैं यदि केरल में 3 से 4 दिन पहले मानसून सक्रिय होगा तो यह आगे तेजी से बढ़ेगा। संभव है कि यह महाकौशल एरिया पूर्वी मध्य प्रदेश में जल्द सक्रिय हो जाए।

इन हालातों में जबलपुर सहित आसपास के जिलों में भी पहले वर्षा आरंभ हो जाएगी। शहर में मानसून मण्डला, डिण्डौरी या सिवनी, बालाघाट के मार्ग से ही आता है। शहर में वर्षा का औसत 48 इंच है। यदि मानसून जल्द सक्रिय होता है तो यह औसत के आंकड़े को भी पार कर लेता है।

मानसून कब सक्रिय माना जाता है

मानसूनी बादलों के आने के बाद जब क्लाउड लो रहे और 3 दिनों तक इसमें 30 एमएम यानी सवा इंच के करीब बरसात हो। इसमें जो बारिश होती है वह बादल माहौल में कुछ देर के लिए ठण्डक घोल देते हैं। एक्सपर्ट के अनुसार सक्रिय मानसून में सामान्य से 1 से 4 गुना अधिक वर्षा या आसपास कम से कम दो स्टेशनों यानी करीबी दो शहरों में वर्षा सवा से डेढ़ इंच होनी चाहिए। बीते साल मानसून महाकौशल और मालवा एरिया में एक साथ सक्रिय हुआ था।

दो दिन तपन के बाद हल्की बारिश के आसार

शहर में बीते दो दिनों से तापमान ऊपर की ओर जा रहा था तो रविवार को यह 40 डिग्री से नीचे पहुंच गया। अधिकतम तापमान 39.7 दर्ज किया गया, यह सामान्य से 2 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 27.2 डिग्री दर्ज किया गया, यह सामान्य रहा। चक्रवातीय परिसंचरण के साथ कई तरह के सिस्टम अभी एक्टिव हैं इन हालातों में आसपास एक बार फिर शाम को हल्की बारिश की संभावना बन रही है। शहर में उत्तर-पश्चिमी हवाएं सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में हल्की बारिश की संभावना है।

Created On :   19 May 2025 6:41 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story