- Home
- /
- राज्य
- /
- मध्य प्रदेश
- /
- जबलपुर
- /
- हाफ मैराथन के नाम पर सेना को भी...
Jabalpur News: हाफ मैराथन के नाम पर सेना को भी लगाई साढ़े 53 लाख की चपत

- ग्रेनेडियर्स रेजीमेेंटल सेंटर ने सिनेक्राफ्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के खिलाफ दर्ज कराई एफआईआर
- पुलिस के अनुसार जीआरसी द्वारा 17 नवंबर को सूर्या हाफ मैराथन का आयोजन किया गया था।
Jabalpur News: घाट फेस्टिवल के नाम पर शहर के लोगों से फर्जीवाड़ा करने वाले सिनेक्राफ्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के कर्ताधर्ता राहुल मिश्रा के खिलाफ एक और मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार राहुल ने सूर्या हाफ मैराथन के आयोजन के नाम पर सेना को भी साढ़े 53 लाख की चपत लगाई है। आयोजन के लिए एमओयू के बाद पंजीकरण की राशि उसके खाते में भेजी गई जो उसे ग्रेनेडियर्स रेजीमेंटल सेंटर के खाते में भेजनी थी, लेकिन उसने पूरी राशि हड़प कर ली। इस मामले में सूबेदार मेजर राेहतास सिंह ने थाने पहुंचकर एफआईआर दर्ज कराई।
पुलिस के अनुसार जीआरसी द्वारा 17 नवंबर को सूर्या हाफ मैराथन का आयोजन किया गया था। इसके लिए हेडक्वार्टर सेन्ट्रल कमांड ने जीआरसी को नोडल एजेंसी बनाया था। इस बात की जानकारी लगने पर सिनेक्राफ्ट एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर राहुल मिश्रा सेना के अफसरों के पास पहुंचा। उसने अधिकारियों को बताया कि उसकी कंपनी जनवरी 2025 में घाट फेस्टिवल का आयोजन कर रही है। इसमें बड़े-बड़े कलाकार शामिल होंगे।
उसने कहा कि शहर में होने वाले सभी बड़े आयोजन उसकी कंपनी द्वारा ही आयोजित किए जाते हैं। उसकी बातों में आकर जीआरसी ने उससे मैराथन आयोजन का एमओयू किया। इसके तहत उसकी कंपनी से मैराथन के संचालन की साझेदारी की गई। इसमें इंडिया रनिंग भी शामिल थी। इंडिया रनिंग ने मैराथन में शामिल होने वालों से पंजीकरण शुल्क लिया।
पंजीकरण की राशि हजम करने की जानकारी के अनुसार इंडिया रनिंग ने पंजीकरण के जरिए जुटाई गई 53 लाख 55 हजार 369 की राशि राहुल की कंपनी के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दी। उक्त राशि जीआरसी के खाते में टांसफर की जानी थी, लेकिन हाफ मैराथन का आयोजन होने के बाद भी उसने यह राशि जीआरसी के खाते में जमा नहीं की। इस संबंध में सैन्य अधिकारियों द्वारा बातचीत करने पर राहुल मिश्रा टाल-मटोल कर देता था।
घाट फेस्टिवल को लेकर हुई थी एफआईआर
इससे पहले भी सिनेक्राफ्ट एंटरटेनमेंट कंपनी के बैनर तले लम्हेटा घाट बायपास स्थित एंबियंस लॉन में 23 जनवरी से घाट फेस्टिवल का आयोजन किया गया था। 24 जनवरी की शाम 6 बजे से प्रतिष्ठित गायक पीयूष मिश्रा और कॉमेडियन सुनील ग्रोवर का शो होने वाला था।
कलाकारों काे कंपनी द्वारा तय की गई रकम नहीं दिए जाने पर ऐन वक्त पर शो कैंसल कर दिया गया था। जिसके बाद दर्शकों ने हंगामा मचाते हुए आयोजन स्थल पर तोडफोड़ की थी। इस मामले में तिलवारा पुलिस ने एफआईआर दर्ज की थी। मामला दर्ज कर पुलिस ने कंपनी फाउंडर राहुल मिश्रा को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था। जहां से उसे जेल भेजा गया था।
शपथ पत्र दिया नहीं दी राशि
जानकारों के अनुसार घाट फेस्टिवल मामले में जेल से छूटने के बाद आरोपी राहुल मिश्रा से सैन्य अधिकारियों द्वारा राशि जमा कराने के लिए कहा गया, तो उसने शपथ पत्र देकर कुछ समय मांगा था। उसके बाद भी उसने राशि नहीं लौटाई। आरोपी द्वारा राशि देने में आनाकानी किए जाने पर सैन्य अधिकारी ने थाने पहुंचकर शिकायत दी। जिस पर कंपनी के फाउंडर राहुल मिश्रा के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
Created On :   7 Aug 2025 6:15 PM IST