Jabalpur News: जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव ने शहपुरा विकासखंड की स्कूलों का किया निरीक्षण

जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव ने शहपुरा विकासखंड की स्कूलों का किया निरीक्षण
  • प्रमुख सचिव ने पूछा ऑल द बेस्ट को संस्कृत में क्या कहते हैं
  • ग्रामीण क्षेत्रों की कई स्कूलों का किया निरीक्षण

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। जनविश्वास अभियान के अंतर्गत प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग ने शनिवार को शहपुरा विकासखंड की स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से कई प्रश्न पूछे और वे उस समय अवाक रह गए जब उन्हें कठिन सवालों के बिलकुल सटीक जबाव मिले। आठवीं की एक छात्रा से उन्होंने कहा वे संस्कृत के जानकार नहीं हैं लेकिन ऑल द बेस्ट को संस्कृत में क्या कहते हैं, छात्रा ने बिना एक पल की देरी किए ही कहा कि शुभम अस्तु और अभिष्टसिद्धिरस्त। उसने इनका हिंदी में अर्थ समझाते हुए कहा कि शुभमस्तु या शुभम अस्तु का मतलब होता है आपका मंगल हो या सब अच्छा हो। साथ ही बताया कि अभिष्टिसिद्द्धिरस्तु का अर्थ होता है आपकी सभी मनोकामनाएं या इक्छाएं पूरी हों।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर में प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग डॉ संजय गोयल द्वारा जिले के शहपुरा विकासखंड के शासकीय हाई स्कूल पावला, शासकीय हाई स्कूल सुंदरादेही और पीएमश्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरमान का औचक निरीक्षण किया गया। श्री गाेयल ने बच्चों से संवाद करते हुए पूछा कि वे क्या बनना चाहते हैं तो बहुत से बच्चों ने कहा कि डॉक्टर, इंजीनियर आदि बनना चाहते हैं।

इस पर उन्होने शिक्षकों से कहा कि बच्चों को संस्कृत, इंग्लिश और बायोलॉजी की पढ़ाई बेहतर तरीके से कराई जाए। पावला में उन्हाेने 8 वीं कक्षा की एक बच्ची से अंग्रेजी में बात की तो छात्रा ने भी फर्राटेदार अंग्रेजी में जबाव दिया, इससे वे प्रसन्न हो गए। इसी प्रकार जब वे सुंदरादेही स्कूल में पंहुचे तो वहां आर्ट की क्लास चल रही थी, जो शिक्षक थे वे पीएचडी धारक थे। उनका पढ़ाने का तरीका देखकर प्रमुख सचिव खुश हो गए। इसी प्रकार बरमान में भी बायो की क्लास में बच्चों के साथ इंटरेक्शन किया गया।

जिले की बॉर्डर पर आए और चले गए

बताया जाता है कि प्रमुख सचिव द्वारा शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई। इसके लिए वे जिले की सीमा पर आए और स्कूलों का निरीक्षण कर वहीं से वापस भोपाल चले गए। सूचना मिलने पर जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे, डीपीसी योगेश शर्मा सहित बीईओ, बीआरसी आदि भी मौके पर उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान प्रमुख सचिव ने प्राचार्य एवं शिक्षकों से छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, डेली डायरी, कालखंड अनुसार अध्यापन सुनिश्चित करने और समय पर पाठ्यक्रम पूर्ण करने निर्देशित किया।

Created On :   3 Oct 2026 8:23 PM IST

Tags

Next Story