Jabalpur News: स्कूलों में रस्म अदायगी के लिए न हों योग

स्कूलों में रस्म अदायगी के लिए न हों योग
राज्य शिक्षा केन्द्र से आए आदेश, सभी स्कूलों में रोजाना योग कराने के निर्देश

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। वर्ष 2023 में सभी स्कूलों को आदेश दिए गए थे कि नियमित तौर पर बच्चों को योग और प्राणायाम कराया जाए, ताकि वे स्वस्थ और दीर्घायु हों। इस आदेश का कुछ दिनों तक पालन किया गया लेकिन इसके बाद सभी भुला दिया गया। अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर शिक्षा विभाग ने फिर से योग को अनिवार्य करने की योजना तैयार की है। पत्र में साफ कहा गया है कि स्कूलों में रोजाना योग कराया जाए।

अपर संचालक राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा जिला परियोजना समन्वयक को जारी किए गए पत्र में कहा गया है कि पिछले दिनों मुख्यमंत्री द्वारा मंत्री परिषद् की बैठक में चर्चा के दौरान सप्तधारा की संकल्पना की गई है, जिसके अन्तर्गत योग को भी सम्मिलित किया गया है। योग की गतिविधियों को करवाने हेतु कक्षा 1 से 5 के लिए सन् 2023 में प्रदेश के समस्त शासकीय प्राथमिक विद्यालयों में अध्यापन करवाने वाले सभी शिक्षकों को योग शिक्षक मार्गदर्शिका प्रदान की गई थी, जिसमें बच्चों की आयु एवं कक्षा स्तर के अनुरूप योग की गतिविधियां दी गई हैं।

कक्षा 6 से 8 के सहायक वाचन में भी पृथक से योग खण्ड के रूप में प्राणायाम एवं आसनों को दिया गया है। वर्तमान में दैनिक दिनचर्या को व्यवस्थित करने एवं शरीर को स्वस्थ रखने हेतु योग किया जाना अत्यन्त आवश्यक है। अतः प्रतिदिन प्राणायाम एवं योगासनों को करना चाहिए, जिससे जीवन स्वस्थ एवं दीर्घायु हो सके। जिले के विद्यार्थियों को योग नियमित रूप से करवाने हेतु शिक्षकों को निर्देशित करना सुनिश्चित करें।

बच्चों के न तो खेल होते हैं और न योगाभ्यास

पहले हर स्कूल में खेल शिक्षक अनिवार्य रूप से होते थे, लेकिन बाद में खेल को प्राथमिकताओं से हटा दिया गया। इसी प्रकार योग के तौर पर सभी स्कूलों में पीटी कराई जाती थी, लेकिन बाद में उसे भी बंद कर दिया गया। यही कारण है कि बच्चे खेलों से दूर होते गए और वे मोबाइल की जकड़ में आ गए।

योग और प्राणायाम करने से उनका शरीर पुष्ट होता है, लेकिन इनमें भी कंजूसी की जा रही है। स्कूलों में न तो खेल शिक्षक बचे हैं और न ही योग जानने वाले। राज्य शिक्षा केन्द्र के आदेश पर यदि योग और प्राणायाम सख्ती से लागू होते हैं तो इससे बच्चों को बहुत लाभ होगा।

Created On :   3 Oct 2026 6:18 PM IST

Tags

Next Story