जबलपुर: स्टेशन की सीमा में प्रवेश करते ही लग रहा वाहन शुल्क

स्टेशन की सीमा में प्रवेश करते ही लग रहा वाहन शुल्क
  • पार्किंग का दायरा तय नहीं, ऑटो चालक यात्रियों के किराए में जोड़ रहे राशि
  • कई बार बनती है विवाद की स्थिति
  • सूत्राें की मानें तो यहाँ ड्रॉप एंड गो नियम का भी पालन नहीं हो रहा है।

डिजिटल डेस्क,जबलपुर। पश्चिम-मध्य रेल जबलपुर मंडल के मुख्य स्टेशन का वाहन पार्किंग स्टैंड हमेशा किसी न किसी बात काे लेकर विवादों में रहता है। कभी यात्रियों से नोेक-झोंक तो कभी बेवजह की वसूली को लेकर सुर्खियाँ बनी रहती हैं।

अब पार्किंग एरिया से बाहर जाकर वाहन शुल्क वसूलने को लेकर विवादित स्थिति निर्मित हो रही है, जिसमें टैक्सी व ऑटो चालकों के साथ ही यात्रियों से भी स्टैंड पर कार्यरत कर्मचारी अभद्रता करने से बाज नहीं आ रहे हैं।

हालात यह हैं कि जैसे ही कोई वाहन स्टेशन सीमा में प्रवेश करता है तो स्टैंड पर कार्यरत कर्मचारी तत्काल उसके पास पहुँच जाते हैं और वाहन शुल्क ऐंठ रहे हैं। भले ही वाहन खड़े न करो, मगर वाहन शुल्क तो देना ही पड़ेगा।

अब तो पार्किंग परिसर से बाहर भी वसूली

कुछ लोगों का कहना है कि स्टेशन पर पार्किंग स्थल का निर्धारण नहीं होने से कहीं भी वाहन शुल्क की वसूली की जा रही है। यहाँ तक कि जीआरपी थाना मार्ग से आने वाले वाहन जैसे ही पोस्टऑफिस के सामने पहुँचते हैं, उनसे वाहन शुल्क की माँग होने लगती है।

खासकर ऑटो चालकों को निशाना बनाया जा रहा है। जैसे ही यहाँ कोई ऑटो चालक पहुँचता है तो कर्मचारी उससे वाहन शुल्क ऐंठने लगते हैं। मना करने पर अभद्रता तक की जाती है। लोगाें का कहना है कि जब ऑटो चालकों को बेवजह वाहन शुल्क देना पड़ रहा है तो वे यात्रियों से ज्यादा पैसा ले रहे हैं।

ड्रॉप एंड गो की भी उड़ रहीं धज्जियाँ

सूत्राें की मानें तो यहाँ ड्रॉप एंड गो नियम का भी पालन नहीं हो रहा है। रेलवे द्वारा ड्रॉप एंड गो का दो मिनट का समय निर्धारित किया गया है, मगर इससे स्टैंड संचालक को कोई सरोकार नहीं है।

जैसे ही कोई वाहन स्टेशन पर पहुँचता है तो वह स्टैंड पर कार्यरत कर्मचारियों की नजर में आ जाता है। इसके बाद वह उस पर नजरें गड़ाए रहते हैं और जैसे ही वह आगे बढ़ता है तो कर्मचारी उसके पास जाकर वाहन शुल्क वसूलते हैं। बिना राशि दिए तो यहाँ से बाहर जा ही नहीं सकते हैं।

Created On :   15 April 2024 9:09 AM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story