- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दुबई जैसा शहर बसाने से पहले...
Mumbai News: दुबई जैसा शहर बसाने से पहले मुख्यमंत्री फडणवीस 100 स्मार्ट सिटी दिखाएं

- कांग्रेस नेता सचिन सावंत का फडणवीस पर हमला
- मुख्यमंत्री फडणवीस 100 स्मार्ट सिटी दिखाएं
Mumbai News. कांग्रेस नेता एवं प्रवक्ता सचिन सावंत ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के हालिया उस बयान पर तीखा हमला बोला है, जिसमें उन्होंने शुक्रवार को कहा था कि मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) में दुबई से भी बड़ा और सुंदर शहर बसाया जाएगा। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए सावंत ने फडणवीस पर जनता को गुमराह करने और खोखले सपने दिखाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं की आदत बन चुकी है कि वे जनता को हकीकत से दूर रखकर बड़े-बड़े सपने दिखाते हैं। सावंत ने मुख्यमंत्री फडणवीस पर तंज कसते हुए उन्हें याद दिलाया कि कुछ साल पहले मध्य प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि मध्य प्रदेश की सड़कें अमेरिका जैसी हैं। उन्होंने कहा कि हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने दावा किया था कि दो साल में भारत की सड़कें अमेरिका जैसी होंगी। अब मुख्यमंत्री फडणवीस दुबई से भी बड़ा शहर बसाने की बातें कर रहे हैं। सावंत ने कहा कि मुख्यमंत्री पहले यह बताएं कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित 100 स्मार्ट सिटी आखिर कहां हैं? जब आप वर्षा बंगले से मुंबई एयरपोर्ट तक जाते हैं तो जिन ऊबड़-खाबड़ और गड्ढों वाली सड़कों से होकर गुजरते हैं, वे कौन सी ‘स्पेस टेक्नॉलॉजी’ से बनी हैं? क्या अमेरिका और दुबई में भी यही टेक्नॉलॉजी इस्तेमाल होती है? सावंत ने फडणवीस पर व्यंग्य करते हुए कहा कि महाराष्ट्र सरकार को चाहिए कि मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री अमेरिका-दुबई दर्शन योजना शुरू करें, ताकि जनता अमेरिका की सड़कें और दुबई का शहर देख सके और भाजपा नेताओं द्वारा दिखाए गए सपनों की सच्चाई समझ सके। उन्होंने कहा कि जनता अब भाजपा के झूठे वादों और हवाई सपनों से गुमराह नहीं होगी।
फडणवीस ने क्या कहा था?
मुख्यमंत्री फडणवीस ने शुक्रवार को एक कार्यक्रम में कहा था कि पालघर में वधावन पोर्ट चौथी मुंबई जबकि अटल सेतु से तीसरी मुंबई की शुरुआत हुई है। इन दोनों के विकास की राज्य सरकार की भी जिम्मेदारी है।सरकार जरूरी मदद करेगी। फडणवीस ने कहा था कि इन दोनों के बनने से एमएमआर में अगले दस वर्षों में दुबई से भी सुंदर और बड़ा शहर बनाकर हम दिखाएंगे।
Created On :   17 Aug 2025 7:54 PM IST