बॉम्बे हाई कोर्ट: माता-पिता की संपत्ति प्राप्त कर संतान उनके प्रति दायित्वों से मुक्त नहीं हो सकती, उपहार में मिला फ्लैट वृद्ध पिता को सौंपने का आदेश

माता-पिता की संपत्ति प्राप्त कर संतान उनके प्रति दायित्वों से मुक्त नहीं हो सकती, उपहार में मिला फ्लैट वृद्ध पिता को सौंपने का आदेश
  • अदालत ने बेटे और बहू को उपहार में दिए गए फ्लैट को 15 दिनों में वृद्ध पिता सौंपने का दिया आदेश
  • 86 वर्षीय पिता को बेटे और बहु ने उनके घर से निकला

डिजिटल डेस्क, मुंबई. बॉम्बे हाई कोर्ट ने बेटे और बहु के 86 वर्षीय पिता को घर से निकालने के विवाद को लेकर अपने फैसले में कहा कि माता-पिता की संपत्ति प्राप्त कर संतान उनके प्रति अपने दायित्वों से मुक्त नहीं हो सकते हैं। उनको केवल आर्थिक सहायता देना पर्याप्त नहीं, बल्कि उन्हें सुरक्षित आवास, मानसिक शांति, सम्मान और आवश्यक चिकित्सा सुविधा भी मिलनी चाहिए। अदालत ने बेटे और बहू को उपहार में दिए गए फ्लैट को 15 दिनों में वृद्ध पिता सौंपने का आदेश दिया है। न्यायमूर्ति आरती साठे की एकल पीठ ने 86 वर्षीय देवचंद कोर्शी डेढिया की याचिका स्वीकार करते हुए कहा कि दानपत्र (गिफ्ट डीड) में स्पष्ट रूप से उल्लेख था कि पिता अपने जीवनकाल तक बेटे पुत्र के साथ उस फ्लैट में रहेंगे। इसलिए यह सामान्य एवं बिना शर्त किया गया दान नहीं था। पिता के निवास का अधिकार दानपत्र की एक महत्वपूर्ण शर्त थी।

पीठ ने स्पष्ट किया कि माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 की धारा 23 के अनुसार यदि कोई वरिष्ठ नागरिक अपनी संपत्ति इस शर्त पर किसी अन्य व्यक्ति को दान करता है कि वह व्यक्ति उसकी मूलभूत आवश्यकताओं और सुविधाओं की व्यवस्था करेगा, लेकिन संपत्ति प्राप्त करने वाला व्यक्ति ऐसा करने में असफल रहता है, तो वरिष्ठ नागरिक के अनुरोध पर उस संपत्ति का हस्तांतरण शून्य या रद्द घोषित किया जा सकता है। पीठ ने पिता द्वारा पुत्र के पक्ष में 4 जून 2018 को निष्पादित दानपत्र (गिफ्ट डीड) रद्द कर दिया और बेटे एवं बहू को को आदेश दिया कि वे संबंधित फ्लैट का कब्जा पिता को 15 दिनों के भीतर सौंप दें।

मुंबई के मालाड निवासी देवचंद डेढिया 1994 से अजंता एम्पोरियम नामक प्रतिष्ठान का संचालन कर रहे थे। 1999 में उन्होंने अपनी पत्नी के साथ मिलकर मालाड स्थित आदर्श क्लासिक सहकारी आवासीय संस्था में अपने और पत्नी के नाम फ्लैट खरीदी थी। वह पत्नी, बड़े बेटे और बहू के साथ रह रहे थे। 2015 में उनकी पत्नी का निधन हो गया। पिता का आरोप था कि पुत्र ने उन पर दबाव डालकर 4 जून 2018 को फ्लैट का दानपत्र (गिफ्ट डीड) अपने पक्ष में करवा लिया और कोरोना महामारी के दौरान उन्हें अपने घर से निकाल दिया। उनके छोटे बेटे ने उन्हें गोरेगांव-गोराई स्थित वृद्धाश्रम में रखा।

पिता ने वरिष्ठ नागरिक अधिकरण के समक्ष शिकायत प्रस्तुत कर दानपत्र निरस्त करने, भरण-पोषण दिलाने तथा संपत्ति का कब्जा वापस दिलाने की मांग की। अधिकरण ने उनकी दानपत्र रद्द करने की मांग स्वीकार नहीं की। 10 जुलाई 2024 को उप जिलाधिकारी ने भी उनकी दानपत्र निरस्त करने से इनकार कर दिया। इसके बाद उन्होंने हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया।

Created On :  

Tags

Next Story