चर्चाएं तेज: शरद पवार अस्पताल में भर्ती, प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात से सियासी अटकलें तेज, पुणे की कानून-व्यवस्था पर सुले की मांग का रोहित ने किया विरोध

डिजिटल डेस्क, मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के दोनों गुटों को लेकर एक बार फिर चर्चाएं तेज हो गई हैं। वरिष्ठ नेता और राकांपा (शरदचंद्र पवार) के अध्यक्ष शरद पवार को डिहाइड्रेशन की शिकायत के बाद मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनके अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सांसद सुप्रिया सुले उनसे मिलने पहुंचीं। इसके कुछ समय बाद राकांपा (अजित पवार) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने भी पवार से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद दोनों गुटों के बीच संभावित नजदीकियों को लेकर राजनीतिक अटकलें शुरू हो गई हैं। वहीं, विधायक रोहित पवार ने नेताओं को शरद पवार से मिलने अस्पताल न जाने की सलाह देते हुए कहा कि उन्हें इंफेक्शन का खतरा है।
शरद पवार को गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे ब्रीच कैंडी अस्पताल लाया गया था। शुरुआत में उनके रूटीन चेकअप के लिए अस्पताल आने की जानकारी दी गई। बाद में बताया गया कि यात्रा की थकान के कारण उन्हें डिहाइड्रेशन की शिकायत हुई, जिसके चलते अस्पताल में भर्ती किया गया। जिस समय पवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया, उस समय उनके गुट के नेताओं की बैठक चल रही थी। इसमें जयंत पाटील, जितेंद्र आव्हाड, सुप्रिया सुले, रोहित पवार और अनिल देशमुख सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। पवार के अस्पताल में भर्ती होने की खबर मिलते ही सुप्रिया सुले बैठक छोड़कर उनसे मिलने पहुंच गईं।
यह भी पढ़े -बम की धमकी के बाद चर्चा में आया बिग बी का जलसा, करोड़ों में है बिग बी के 3 बंगलों की कीमत, किसके नाम है कौन सा बंगला, किस में रहती है बच्चन फैमिली?
प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात ने बढ़ाई चर्चा
सुप्रिया सुले के बाद प्रफुल्ल पटेल भी शरद पवार से मिलने पहुंचे। इस मुलाकात ने दोनों राकांपा गुटों के एक साथ आने की संभावनाओं को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी। इससे पहले भी शरद पवार के अस्पताल में भर्ती होने पर पटेल उनसे मिलने पहुंचे थे। उस समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर पवार के स्वास्थ्य की जानकारी ली थी और उसके बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हुई थीं। इस बार मुलाकात के बाद पटेल ने पत्रकारों से कहा कि शरद पवार की तबीयत अच्छी है और चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने बताया कि संयोग से उनकी बेटी की सास का भी इसी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पवार के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी मिलने पर वे उनसे मिलने पहुंचे। पटेल के अनुसार, जब वे पवार से मिले, तब वे भोजन कर रहे थे। इसलिए वे ज्यादा देर वहां नहीं रुके।
रोहित बोले- सुप्रिया सुले देंगी स्वास्थ्य की जानकारी
प्रफुल्ल पटेल की मुलाकात पर रोहित पवार ने तंज कसते हुए कहा कि जब कोई बीमार होता है तो लोग उससे मिलने जाते हैं, लेकिन शरद पवार को इंफेक्शन का खतरा है। इसलिए नेताओं को अस्पताल जाने से बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि सुप्रिया सुले उनकी तबीयत की जानकारी देने के लिए उपलब्ध हैं।
यह भी पढ़े -मुंबई की मेयर, अमिताभ बच्चन का बंगला और BMC दफ्तर को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से हड़कंप, पुलिस की जांच शुरू
पुणे के पालकमंत्री पद पर सुले और रोहित आमने-सामने
दूसरी ओर, पुणे में बढ़ती आपराधिक घटनाओं और शिवाजीनगर कोर्ट परिसर में हुई गोलीबारी के बाद पालकमंत्री पद को लेकर भी सियासी घमासान शुरू हो गया है। संविधान दिवस के अवसर पर सुप्रिया सुले ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से पुणे का पालकमंत्री पद अपने पास लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि राज्य में अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और पुणे की स्थिति को लेकर गंभीरता से विचार करने की जरूरत है। उन्होंने महाराष्ट्र पुलिस के कामकाज की सराहना भी की। सुले की मांग से अलग रुख अपनाते हुए रोहित पवार ने इसका विरोध किया। उन्होंने कहा कि अजित पवार के समय पुणे में प्रशासन पर उनका प्रभाव और दबदबा था। उनकी जगह कोई नहीं ले सकता। रोहित ने कहा कि मौजूदा पालकमंत्री सुनेत्रा पवार को अजित पवार की तरह काम करने के लिए अपने दल के विधायकों और सांसदों का सहयोग मिलना चाहिए। उन्होंने सुनेत्रा पवार को अधिक अधिकार देने या पुणे के लिए किसी सक्षम और सख्त पालकमंत्री की नियुक्ति करने की मांग की। फडणवीस को पुणे का पालकमंत्री बनाने की मांग पर रोहित ने कहा कि वे पहले से ही राज्य के गृहमंत्री हैं और उनके सामने अपराध नियंत्रण की चुनौती है। ऐसे में उन्हें पुणे का पालकमंत्री बनाना उचित नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि फडणवीस ने यह जिम्मेदारी संभाली तो शहर का बंटाधार हो जाएगा।
यह भी पढ़े -दो साल में मुंबई शहर की डीपीडीसी की सिर्फ 2 बैठकें, विकास कार्य ठप होने का विपक्ष का आरोप
बावनकुले ने रोहित पवार को घेरा
रोहित पवार के बयान पर भाजपा नेता और मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि रोहित पवार ने निर्लज्जता की हद पार कर दी है और उन्हें इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना शोभा नहीं देता। बावनकुले ने कहा कि सुनेत्रा पवार एक आदर्श, संस्कारी और प्रशासन की समझ रखने वाली नेता हैं। वे उपमुख्यमंत्री के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभा रही हैं और अपने विभाग के कामकाज पर उनकी अच्छी पकड़ है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को भी उन पर पूरा विश्वास है। ऐसे में उनकी क्षमता पर सवाल उठाना उचित नहीं है।
Created On :  
Tags
- Mumbai News
- Thane News
- Navi Mumbai News
- Mira-Bhayandar News
- Kalyan-Dombivli News
- Vasai-Virar News
- Ulhasnagar News
- Bhiwandi News
- Panvel News
- Ambernath News
- Badlapur News
- Karjat News
- Alibaug News
- Palghar News
- Dahanu News
- South Mumbai News
- Dadar News
- Bandra News
- Andheri News
- Borivali News
- Malad News
- Goregaon News
- Kandivali News
- Kurla News
- Ghatkopar News
- Mulund News
- Chembur News
- Powai News
- Colaba News
- Byculla News
- Parel News
- Worli News
- Lower Parel News
- Santacruz News
- Vile Parle News
- Jogeshwari News
- Bhandup News
- Vikhroli
