लक्ष्य निर्धारित: इंदू मिल स्मारक का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, 26 जनवरी तक जीरो ब्यूरोक्रेसी की दिशा में बढ़ेगी सरकार

इंदू मिल स्मारक का काम 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य, 26 जनवरी तक जीरो ब्यूरोक्रेसी की दिशा में बढ़ेगी सरकार
  • फडणवीस ने इंदू मिल परियोजना में देरी पर जताई नाराजगी, एमएमआरडीए को रोजाना निगरानी के निर्देश
  • राज्य की 1129 प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पुनर्गठन का लक्ष्य, अब तक 397 प्रक्रियाएं पूरी
  • 174 नई डिजिटल सेवाएं शुरू, नागरिकों को सरकारी सुविधाएं ऑनलाइन और पारदर्शी तरीके से देने की तैयारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने और प्रशासनिक कामकाज को डिजिटल एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया है। एक ओर मुंबई के इंदू मिल परिसर में डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के स्मारक का शेष निर्माण कार्य 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, वहीं दूसरी ओर 26 जनवरी 2027 तक नागरिकों को ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ आधारित डिजिटल गवर्नेंस का अनुभव देने के निर्देश दिए गए हैं। गुरुवार को सह्याद्री अतिथि गृह में हुई दो अलग-अलग समीक्षा बैठकों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को समयबद्ध काम पूरा करने और जवाबदेही सुनिश्चित करने को कहा। इंदू मिल स्मारक की समीक्षा बैठक में फडणवीस ने निर्माण कार्य की धीमी गति पर नाराजगी जताई। उन्होंने ठेकेदार को काम पूरा करने की संशोधित समयसीमा तय कर उच्चाधिकार समिति को रिपोर्ट देने के निर्देश दिए। एमएमआरडीए को परियोजना की रोजाना निगरानी करने को कहा गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि आर्थिक मांगों के आधार पर काम रोकना उचित नहीं है। जरूरत पड़ने पर ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई और वैकल्पिक एजेंसी नियुक्त करने पर भी विचार किया जाएगा। अतिरिक्त खर्च, जीएसटी दरों में बदलाव और ब्रॉन्ज क्लैडिंग की सामग्री खरीदने से जुड़े प्रस्तावों की तकनीकी एवं आर्थिक जांच के निर्देश भी दिए गए।

174 डिजिटल सेवाएं शुरू, प्रक्रियाओं का होगा पुनर्गठन

दूसरी ओर मुख्यमंत्री ने ‘जीरो ब्यूरोक्रेसी’ अभियान को गति देने के निर्देश दिए। राज्य में 1129 प्रशासनिक प्रक्रियाओं के पुनर्गठन का लक्ष्य है, जिनमें से 397 पूरी हो चुकी हैं। अब तक 174 डिजिटल सेवाएं शुरू की गई हैं। इनमें मैत्री 2.0 की 76, आपले सरकार 2.0 की 74 और महाडीबीटी 2.0 की 24 सेवाएं शामिल हैं। सरकार का उद्देश्य अनावश्यक दस्तावेजों, हलफनामों और मानवीय हस्तक्षेप को कम करना है। 31 दिसंबर तक जरूरी तकनीकी काम पूरा करने को कहा गया है।

मोबाइल पर मिलेगा डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

महाउपलब्धि प्लेटफॉर्म के जरिए पेंशनधारक और सरकारी योजनाओं के लाभार्थी मोबाइल पर ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बना सकेंगे। इससे उन्हें कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। बैठक में आरटीएस 2.0, आधार डैशबोर्ड सहित अन्य डिजिटल प्रणालियां भी शुरू की गईं। पशुपालन क्षेत्र में डेयरी, पोल्ट्री और बकरी पालन जैसे व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए ऑनलाइन योजना भी शुरू हुई है। इसमें सामान्य वर्ग को 50 फीसदी तथा महिलाओं और अनुसूचित जाति-जनजाति के लाभार्थियों को 75 फीसदी सब्सिडी देने का प्रावधान है।

Created On :  

Tags

Next Story