समीकरणों पर सवाल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से तनातनी सुनीता गावंडे पर पड़ी भारी, नियुक्ति की जानकारी से अनजान थे हर्षवर्धन सपकाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष से तनातनी सुनीता गावंडे पर पड़ी भारी, नियुक्ति की जानकारी से अनजान थे हर्षवर्धन सपकाल
  • अलका लांबा के फैसले से प्रदेश कांग्रेस में चर्चाएं तेज
  • तनातनी सुनीता गावंडे पर पड़ी भारी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. प्रदेश कांग्रेस में संगठनात्मक नियुक्ति को लेकर अंदरखाने चल रही खींचतान अब सामने आती दिख रही है। महिला कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कार्याध्यक्ष सुनीता गावंडे को नियुक्ति के महज 24 दिन बाद पद से हटाए जाने के फैसले ने पार्टी के राजनीतिक समीकरणों पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा ने शुक्रवार को गावंडे की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से रद्द करने का आदेश जारी किया। आधिकारिक तौर पर इस फैसले की वजह नहीं बताई गई, लेकिन कांग्रेस के भीतर इसे प्रदेश नेतृत्व के साथ कथित तनातनी और नियुक्ति के समय प्रदेश अध्यक्ष को भरोसे में नहीं लेने से जोड़कर देखा जा रहा है।

नियुक्ति से हटाने तक 24 दिन, राजनीतिक समीकरणों की चर्चा

सुनीता गावंडे को 2 नवंबर को प्रदेश महिला कांग्रेस के प्रभारी कार्याध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई थी। पार्टी के अंदर चर्चा है कि उनकी नियुक्ति को लेकर प्रदेश संगठन में पहले से ही असहजता थी। सूत्रों के मुताबिक गावंडे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मुकुल वासनिक की करीबी मानी जाती हैं। वहीं, मुकुल वासनिक और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बीच राजनीतिक समीकरण सहज नहीं होने की चर्चा भी कांग्रेस के गलियारों में होती रही है। इसी पृष्ठभूमि में गावंडे की नियुक्ति रद्द होने को प्रदेश संगठन की अंदरूनी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के कुछ नेताओं का मानना है कि नियुक्ति के समय प्रदेश नेतृत्व को विश्वास में नहीं लिया गया था, जिससे संगठन के भीतर नाराजगी पैदा हुई। हालांकि इस कथित राजनीतिक कारण की पुष्टि पार्टी के किसी आधिकारिक बयान से नहीं हुई है।

नियुक्ति के समय प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में चर्चा तक नहीं हुई

प्रदेश कांग्रेस के एक नेता के मुताबिक सुनीता गावंडे की 2 नवंबर को नियुक्ति के समय प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में इस फैसले को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी। यहां तक कि प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग की ओर से भी उनकी नियुक्ति को लेकर प्रेस नोट जारी नहीं किया गया था। पार्टी के भीतर इसे प्रदेश संगठन की प्रक्रिया से अलग नियुक्ति के तौर पर देखा गया। अब नियुक्ति रद्द होने के बाद भी प्रदेश कांग्रेस के नेताओं में कोई खास हलचल नहीं दिख रही है। कई नेता इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बोलने से बच रहे हैं।

दिन में शुभकामनाएं, शाम को नियुक्ति रद्द

इस घटनाक्रम का सबसे दिलचस्प पहलू यह रहा कि शुक्रवार को सुनीता गावंडे को प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सिरिवेल्ला प्रसाद की ओर से पुष्प देकर उनके कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी गई थीं। लेकिन इसके कुछ देर बाद ही अलका लांबा की ओर से उनकी नियुक्ति रद्द करने का फैसला सामने आया। खबर है कि नई नियुक्ति तक इस पद पर पहले की तरह संध्या सव्वालाखे बनी रहेंगी।

Created On :  

Tags

Next Story