बड़ा आरोप: उद्धव सरकार में रची गई थी फडणवीस सहित चार नेताओं को जेल में डालने की साजिश-शिंदे

उद्धव सरकार में रची गई थी फडणवीस सहित चार नेताओं को जेल में डालने की साजिश-शिंदे
  • उद्धव का सपना मुख्यमंत्री बनने का था
  • रची गई थी फडणवीस सहित चार नेताओं के खिलाफ साजिश
  • फडणवीस सहित चार नेताओं को जेल में डालने का था प्लान

डिजिटल डेस्क, मुंबई. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने दावा किया है कि पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की सरकार के समय विधानसभा में तत्कालीन नेता विपक्ष देवेंद्र फडणवीस, भाजपा विधायक प्रवीण दरेकर, भाजपा विधायक गिरीश महाजन और भाजपा विधायक आशीष शेलार को गिरफ्तार करने की साजिश थी। एक साक्षात्कार में शिंदे ने कहा कि ठाकरे सरकार में फडणवीस सहित भाजपा के चार नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज करके उन्हें गिरफ्तार करने की साजिश रची थी। इस बयान पर जब मीडिया ने सीएम शिंदे से सवाल पूछा तो शिर्डी में उन्होंने कहा कि मैंने सच कहा है। लेकिन अभी बहुत कुछ बाकी है। इसका खुलासा मैं ब्रेक के बाद करूंगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि उद्धव का सपना मुख्यमंत्री बनने का था। वह मुख्यमंत्री पद शिवसेना के किसी नेता को नहीं देना चाहते थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि साल 2024 के लोकसभा चुनाव में शिवसेना (शिंदे) 16 सीटों पर लड़ेगी। इसमें मुंबई की तीन सीटों का भी समावेश है।

उद्धव ने मुख्यमंत्री पद का दिया था प्रस्ताव

शिंदे ने कहा कि जब मैं सूरत की ओर जा रहा था। तब उद्धव ने मुझे मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव दिया था। जिस पर मैंने उनसे कहा कि अब बहुत देर हो चुकी है। जिसके बाद उन्होंने भाजपा के नेताओं को भी फोन किया था। उन्होंने भाजपा को मुझे अलग करके शिवसेना के साथ गठबंधन करने का प्रस्ताव भी दिया था।

शिंदे खुद जेल के डर से भागे थे: संजय राऊत

शिंदे के दावे पर शिवसेना (उद्धव) के सांसद संजय राऊत ने कहा कि शिंदे खुद ठाकरे सरकार में नगर विकास मंत्री थे। भाजपा उन्हें ईडी और सीबीआई का इस्तेमाल करके जेल में भेजने वाली थी। शिंदे को बताना चाहिए कि वह जेल जाने से बचने के लिए कहां पर किसके सामने जाकर रोए थे?

अदालत के कारण जेल से बाहर रह पाया: महाजन

प्रदेश के ग्रामीण विकास मंत्री गिरीश महाजन ने कहा कि उद्धव सरकार में मेरे खिलाफ एक मामले में मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया था। मुझे बाम्बे होईकोर्ट ने राहत दी थी। इसलिए मैं जेल से बाहर था।

हम पर पहरा रहता था: शेलार

मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार ने कहा कि उद्धव ठाकरे हम लोगों को जेल में डालना चाहते थे। इसलिए भाजपा के कुछ नेताओं पर 24 घंटे और सातों दिन पहरा रहता था।

कांग्रेस के पूर्व विधायक मुश्ताक अंतुले राकांपा (अजित) में शामिल

राज्य में कांग्रेस को एक और बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री एआर अंतुले के दामाद और पूर्व कांग्रेस विधायक मुश्ताक अंतुले सोमवार को राकांपा (अजित) में शामिल हो गए। अजित गुट में शामिल होने के बाद मुश्ताक ने कहा कि वह राकांपा (अजित) प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे के साथ मिलकर अजित पवार की सोच को आगे बढ़ाने में मदद करेंगे। तटकरे ने कहा कि अंतुले परिवार ने कांग्रेस को राज्य में बड़ा बनाया लेकिन कांग्रेस ने उन्हें आगे बढ़ने नहीं दिया।

महाराष्ट्र में तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी एमआईएम

लोकसभा चुनाव में एमआईएम इस बार तीन सीटों पर चुनाव लड़ेगी। इसमें से एक औरंगाबाद लोकसभा सीट पर पार्टी ने अपने वर्तमान सांसद इम्तियाज जलील को फिर से उम्मीदवारी दी है। जबकि मुंबई की दो लोकसभा सीटों दक्षिण मुंबई और उत्तर-पूर्व मुंबई लोकसभा सीट के लिए अभी उम्मीदवारी की घोषणा होनी है। वैसे दक्षिण मुंबई लोकसभा सीट पर एमआईएम के पूर्व विधायक वारिस पठान के नाम की चर्चा है। जबकि उत्तर-पूर्व लोकसभा सीट के लिए नाम तय नहीं हो पाया है। मुंबई की दो इन दो सीटों पर लगभग 8 लाख मुस्लिम मतदाता हैं। अगर एमआईएम इन दो सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित करती है तो इन मतों में एमआईएम सेंध लगा सकती है। पिछले लोकसभा चुनाव में पार्टी ने सिर्फ औरंगाबाद लोकसभा सीट से इम्तियाज जलील को चुनाव मैदान में उतारा था और जीत भी हासिल की थी। जबकि पिछले विधानसभा चुनाव में एमआईएम ने 20 सीटों पर चुनाव लड़ा था जिसमें से 11 सीटों पर एमआईएम दूसरे या तीसरे स्थान पर थी। एमआईएम के नेता वारिस पठान ने बताया कि उम्मीदवारी देने का निर्णय हाई कमान लेंगा।

Created On :   22 April 2024 4:49 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story