- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मनसे के साथ गठबंधन पर फैसला पार्टी...
Mumbai News: मनसे के साथ गठबंधन पर फैसला पार्टी के नेताओं के साथ चर्चा करके होगा - उद्धव ठाकरे

- शिवसेना (उद्धव) प्रमुख बोले पार्टी के कार्यकर्ता चुनाव की तैयारी में जुटें
- मनसे के साथ गठबंधन पर फैसला पार्टी के नेताओं के साथ चर्चा करके होगा
Mumbai News. राज्य में आगामी स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं के चुनावों के मद्देनजर शिवसेना (उद्धव) और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के बीच संभावित गठबंधन को लेकर चल रही अटकलों को बल मिलता दिख रहा है। शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे ने मंगलवार को मुंबई, ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भाईंदर, नवी मुंबई, उल्हासनगर और वसई-विरार की सात महानगरपालिकाओं के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक में पदाधिकारियों को अभी से चुनाव की तैयारियों में जुटने को कहा है। ठाकरे ने कहा कि मनसे के साथ गठबंधन का निर्णय पार्टी स्तर पर लिया जाएगा। हालांकि पार्टी के सभी पदाधिकारियों को हर सीट के लिए तैयार रहना होगा। ठाकरे के बयान से स्पष्ट संकेत मिल रहे हैं कि मनसे के साथ गठबंधन हो या न हो, उद्धव गुट ने सभी विकल्पों के साथ चुनाव के लिए तैयार रहने को कहा है।
बैठक में क्या हुआ?
मुंबई समेत एमएमआर के प्रमुख पदाधिकारियों के साथ बैठक में उद्धव ठाकरे ने आगामी महानगरपालिका चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। ठाकरे ने ठाणे, कल्याण-डोंबिवली, मीरा-भाईंदर, नवी मुंबई, उल्हासनगर और वसई-विरार की इन सात महानगरपालिकाओं में संगठनात्मक मजबूती पर भी जोर दिया। ठाकरे ने जिला अध्यक्षों से कहा कि जहां भी पार्टी के गट नेताओं की नियुक्ति नहीं हुई हैं, वहाँ जल्द से जल्द नियुक्तियां की जाएं। उन्होंने कहा कि पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता नई वार्ड संरचना और अदालत के आदेशों के अनुसार रणनीति तैयार करें। इसके साथ ही ताजा घटनाक्रम पर भी नजर रखने को कहा गया है।
गठबंधन की दिशा में बढ़ते कदम?
राजनीति के जानकारों का मानना है कि मनसे प्रमुख राज ठाकरे और शिवसेना (उद्धव) पक्ष प्रमुख उद्धव ठाकरे दोनों के हालिया बयानों से ऐसा प्रतीत हो रहा है कि दोनों ठाकरे बंधु लंबे समय बाद फिर एक साथ आ सकते हैं। यदि दोनों ही पार्टियों में गठबंधन होता है, तो इसका प्रभाव महाराष्ट्र की स्थानीय राजनीति पर गहरा पड़ सकता है। अगर दोनों ही दलों में गठबंधन होता है, तो उसका स्वरूप कैसा होगा? किन मुद्दों पर साथ आएंगे और किसे कितनी सीटें मिलेंगी? इन सवालों के जवाब आने वाले दिनों में मिल सकते हैं।
Created On :   5 Aug 2025 10:10 PM IST