2024 चुनाव: सुर्खियां बटोर रहीं महिला उम्मीदवार, मैंदान में पहली बार दिखा रहीं पूरा दम

सुर्खियां बटोर रहीं महिला उम्मीदवार, मैंदान में पहली बार दिखा रहीं पूरा दम
  • मां की हार की बदला लेंगी रोहिणी
  • ओवैसी का किला भेदने तैयार माधवी
  • बांसुरी की धुन पर नाचेगी नई दिल्ली!

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली, अजीत कुमार, महिलाएं हर पार्टी के लिए एक बड़ा वोट बैंक हैं और सभी पार्टियां आधी आबादी को लुभाने की कोशिश करती हैं। 2024 के चुनाव में भी विभिन्न राजनीतिक दलों ने कई महिला उम्मीदवारों पर अपना दांव लगाया है। इन महिला उम्मीदवारों में कुछ नाम ऐसे हैं, जो चुनावी समर में तो पहली बार उतरी हैं, लेकिन लगातार सुर्खियों में हैं। इनमें कंगना रनौत, रोहिणी आचार्य, सुनेत्रा पवार, बांसुरी स्वराज, इंदू चौधरी आदि का नाम प्रमुखता से शामिल है।

भाजपा ने बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत को हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से प्रत्याशी बनाया है। रूपहले पर्दे से निकलकर पहली बार चुनावी जंंग में उतरीं कंगना का मुकाबला हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के बेटे विक्रमादित्य सिंह से है। विक्रमादित्य फिलहाल हिमाचल सरकार में मंत्री हैं। अपने बयानों से सुर्खियां बटोरती रहीं कंगना पर मंडी सीट को भाजपा के खाते में डालने की महती जिम्मेदारी है।

मां की हार की बदला लेंगी रोहिणी

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य बिहार की सारण सीट से राजद उम्मीदवार हैं। अपने पिता लालू यादव को अपनी एक किडनी देकर चर्चा में आईं रोहिणी का मुकाबला यहां पूर्व केन्द्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूढी से है। रूढ़ी ने रोहिणी की मां व पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को शिकस्त दी थी। रोहिणी के सामने अपनी मां की हार का बदला लेने की चुनौती है।

सुनेत्रा के प्रदर्शन पर है सबकी नजर

महाराष्ट्र की बारामती लोकसभा सीट की सियासी जंग राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियां बटोर रही है। इसकी वजह यह है कि इस सीट पर ननद-भौजाई एक दूसरे के खिलाफ ताल ठोंक रही हैं। एक तरफ तीन बार की सांसद व शरद पवार की बेटी सुप्रिया सुले हैं तो दूसरी तरफ राज्य के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की पत्नी और राकांपा उम्मीदवार सुनेत्रा पवार हैं। बारामती जीतने के मकसद से पहली बार चुनाव समर में आईं सुनेत्रा इस समय खबरों में हैं।

ओवैसी का किला भेदने तैयार माधवी

हैदराबाद सीट से चार बार के सांसद असदुद्दीन ओवैसी को कड़ी टक्कर दे रहीं भाजपा उम्मीदवार माधवी लता भी लोगों की नजर में हैं। प्रभावी वक्ता और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी रहीं माधवी हिन्दुत्व की पैरोकार हैं। ओवैसी पर लगातार आक्रामक माधवी से भाजपा को काफी उम्मीदें हैं। उत्तरप्रदेश की लालगंज सीट की बसपा उम्मीदवार इंदु चौधरी भी खासी चर्चा में हैं। बीएचयू में सहायक प्रोफेसर इंदु धाराप्रवाह अंग्रेजी बोलती हैं और बसपा की विचारधारा को आगे ले जाने का दावा करती हैं।

बांसुरी की धुन पर नाचेगी नई दिल्ली!

भाजपा ने नई दिल्ली सीट पर केन्द्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी की जगह युवा वकील बांसुरी स्वराज को अपना उम्मीदवार बनाया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी जबर्दस्त वक्ता हैं। पहली बार चुनाव लड़ रहीं बांसुरी पर दिल्ली के पूर्व मंत्री सोमनाथ भारती को शिकस्त देकर इस हाईप्रोफाइल सीट पर कब्जा कायम रखने की चुनौती है।

सबसे कम उम्र की दलित महिला प्रत्याशी

समस्तीपुर से लोजपा (आर) की उम्मीदवार शांभवी चौधरी भी सुर्खियों में हैं। शांभवी बिहार के कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी की बेटी और पूर्व आईपीएस अधिकारी कुणाल किशोर की बहू हैं। पहली बार चुनावी समर में उतरीं शांभवी दिल्ली के लेडी श्रीराम कॉलेज और दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनोमिक्स से पढ़ी-लिखी हैं और सबसे कम उम्र (25) की दलित महिला प्रत्याशी हैं।

1,400 करोड़ की मालकिन हैं पल्लवी

दक्षिण गोवा से भाजपा उम्मीदवार पल्लवी डेम्पो इसलिए सुर्खियों में हैं, क्योंकि उन्होंने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में अपनी संपत्ति 1,400 करोड़ बताई है। दुबई और लंदन में भी उनकी करोड़ों की संपत्ति है। राजस्थान की राजसमंद सीट से भाजपा उम्मीदवार महिमा सिंह भी सुर्खियों में है। पहली बार चुनाव लड़ रहीं महिमा सिंह पूर्व मेवाड़ राजघराने की बहु हैं। महिमा इसलिए भी सुर्खियों में हैं क्योंकि उन्होंने एफिडेविट में कहा है कि उनके पास कोई जमीन नहीं है।

Created On :   17 April 2024 3:30 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story