ट्रेंड में बदलाव: सोना कितना सोना है - पहली बार 73 हजार रुपए के पार पहुंचा गोल्ड, शेयर बाजार में गिरावट

सोना कितना सोना है - पहली बार 73 हजार रुपए के पार पहुंचा गोल्ड, शेयर बाजार में गिरावट
  • शेयर बाजार में 1% से ज्यादा गिरावट
  • चिंता : ईरान-इजराइल तनाव और अमेरिका में महंगाई
  • सेंसेक्स में 793 अंकों की गिरावट आई

डिजिटल डेस्क, मुंबई. गोल्ड और शेयर मार्केट के ट्रेंड में शुक्रवार को बदलाव दिखा। सेंसेक्स में जहां 793 अंकों की गिरावट आई, वहीं, 24-कैरेट सोने की कीमत 1,351 रु. बढ़कर पहली बार 73,000 से ऊपर पहुंच गई। इसके साथ ही सोना 73,174 रु. प्रति 10 ग्राम हो गया। 22-कैरेट यानी जेवराती सोना भी 1,237 रु. महंगा होकर 67,027 प्रति ग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। इस महीने सिर्फ 9 दिन में 24-कैरेट सोना 5,922 रु. और 22-कैरेट सोना 5,424 रु. महंगा हो चुका है।

एक साल में 24 कैरेट सोना 12,784 रु. (21.17%) और जेवराती सोना 11,710 रु. महंगा हुआ है। 11 अप्रैल 2023 को 24-कैरेट सोना 60,390 रु. और जेवराती सोना 55,317 रु. प्रति 10 ग्राम था। चांदी की कीमत भी पहली बार 84,000 के करीब पहुंच गई है। शुक्रवार को कीमत 1,476 रु. बढ़कर 81,819 रु. प्रति किलो के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। 10 अप्रैल को यह 82,343 रु. के रिकॉर्ड स्तर तक पहुंची थी। अप्रैल में अब तक चांदी 13.07% यानी 9,692 रुपए महंगी हो चुकी है।

शेयर बाजार में 1% से ज्यादा गिरावट

सोने-चांदी के उलट सेंसेक्स 793.25 अंक (1.06%) गिरकर 74,245 पर बंद हुआ। निफ्टी भी 234.40 अंक गिरकर (-1.03%) 22,519.40 पर रहा। विश्लेषकों के मुताबिक, देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस का मुनाफा उम्मीद से ज्यादा 9% बढ़ने से गिरावट कुछ कम रही।

चिंता : ईरान-इजराइल तनाव और अमेरिका में महंगाई

अमेरिका में मार्च में महंगाई दर 0.40% बढ़कर 3.80% तक पहुंच गई। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने कहा, अब वहां ब्याज दरों में कटौती की संभावना कम है। ईरान-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव की वजह से भी दुनियाभर के शेयर बाजारों में गिरावट आई। वहीं, सोने की डिमांड बढ़ गई, जो तमाम तरह के जोखिम से बचाव का उम्दा साधन है।



Created On :   13 April 2024 12:56 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story