देवड़ा पर पलटवार: कांग्रेस दलित विरोधी होती तो मुझे मुंबई का अध्यक्ष नहीं बनाती- वर्षा गायकवाड

कांग्रेस दलित विरोधी होती तो मुझे मुंबई का अध्यक्ष नहीं बनाती- वर्षा गायकवाड
  • मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष ने मिलिंद देवड़ा को दिया जवाब
  • बोलीं- उन्हें अपने दल को देना चाहिए सुझाव
  • धुलिया से डॉ. बच्छाव को टिकट देने पर पार्टी में मतभेद

डिजिटल डेस्क, मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा गायकवाड ने शिवसेना (शिंदे) के सांसद मिलिंद देवड़ा के कांग्रेस को दलित विरोधी मानसिकता वाला दल बताने वाले आरोपों पर पलटवार किया है। शनिवार को वर्षा ने कहा कि अगर कांग्रेस दलित विरोधी होती, तो मुझे मुंबई का अध्यक्ष बनाती क्या? देवड़ा को कांग्रेस के बजाय अपने दल शिवसेना (शिंदे) को सुझाव देना चाहिए। इससे पहले देवड़ा ने कहा था कि कांग्रेस की दलित विरोधी नीति के कारण गायकवाड को दक्षिण-मध्य मुंबई सीट से टिकट नहीं मिल पाया है। इसके जवाब में शनिवार को गायकवाड ने कहा कि देवड़ा पहले कांग्रेस में थे, तब वह शांत थे। पर, अब वह कांग्रेस के खिलाफ किसके कहने पर बोल रहे हैं? यह सब जानते हैं। देवड़ा को मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की कुर्सी की चिंता करनी चाहिए, क्योंकि यह कहा नहीं जा सकता है कि लोकसभा चुनाव के बाद शिंदे का मुख्यमंत्री पद बचेगा या चला जाएगा।

धुलिया से डॉ. बच्छाव को टिकट देने पर पार्टी में मतभेद

महाविकास आघाडी की ओर से धुलिया लोकसभा सीट से कांग्रेस से डॉ. शोभा बच्छाव को उम्मीदवार बनाने पर कांग्रेस के भीतर गुटबाजी शुरू हो गई है। दो दिन के अंदर उम्मीदवार नहीं बदलने पर पदाधिकारियों ने बगावत की धमकी दी है। नाराज पदाधिकारियों ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले की आलोचना की है। कांग्रेस के धुलिया जिला अध्यक्ष श्यामकांत सानेर समेत शिंदखेडा तहसील के पदाधिकारियों ने पद से इस्तीफा देकर अपना गुस्सा जाहिर किया है। नासिक जिला अध्यक्ष डाॅ. तुषार शेवाले ने भी इस्तीफा दे दिया है। इस सीट से उम्मीदवारी को लेकर शुरू में कांग्रेस के धुलिया जिला अध्यक्ष श्यामकांत सानेर, नासिक जिला अध्यक्ष डॉ. तुषार शेवाले और दो अन्य लोगों ने चुनाव लड़ने की इच्छा व्यक्त की थी, लेकिन इन पर कोई निर्णय नहीं हुआ। आखिरकार डॉ. बच्छाव को कांग्रेस ने उम्मीदवार बनाया, तो कांग्रेस में गुटबाजी खुलकर सामने आ गई।

Created On :   21 April 2024 1:36 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story