महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल एचएससी बोर्ड परीक्षा परिणाम, बेटियों ने फिर मारी बाजी

महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल एचएससी बोर्ड परीक्षा परिणाम, बेटियों ने फिर मारी बाजी
  • कोंकण संभाग अव्वल, मुंबई फिसड्डी
  • 12वीं में 91.25 फीसदी विद्यार्थी पास
  • 14 लाख 16 हजार 371 विद्यार्थियों ने दी थी परीक्षा
  • 12 लाख 92 हजार 468 विद्यार्थी उत्तीर्ण
  • पिछले साल 94.25 प्रतिशत विद्यार्थी सफल हुए थे

डिजिटल डेस्क, मुंबई, प्रमुख संवाददाता। महाराष्ट्र राज्य माध्यमिक व उच्च माध्यमिक शिक्षण मंडल बोर्ड की 12वीं (एचएससी) की परीक्षा में इस साल 91.25 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे हैं। कुल 14 लाख 16 हजार 371 विद्यार्थी एचएससी परीक्षा में बैठे थे। इनमें से 12 लाख 92 हजार 468 उत्तीर्ण हुए हैं। 96.01 फीसदी विद्यार्थियों की सफलता के साथ कोंकण विभाग अव्वल रहा जबकि 88.13 फीसदी नतीजों के साथ मुंबई विभाग सबसे पीछे रहा। इस बार भी लड़कियों ने लड़कों का पछाड़ा है। एचएससी की परीक्षा देने वाली 93.73 फीसदी लड़कियां जबकि 89.14 फीसदी लड़के सफल रहे हैं। यानी लड़कों के मुकाबले 4.59 फीसदी ज्यादा लड़कियां सफल रही हैं। वहीं कोरोना संक्रमण खत्म होने के बाद हुई ऑफलाइन परीक्षाओं का असर भी नतीजों पर दिखा है। पिछले साल के मुकाबले 2.97 फीसदी कम विद्यार्थी पास हुए। पिछले साल महाराष्ट्र बोर्ड की परीक्षा देने वाले 94.25 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे थे। विद्यार्थियों ने कुल 154 विषयों की परीक्षा दी थी, जिनमें से 23 विषयों में सभी विद्यार्थी पास हुए हैं। नतीजे की घोषणा के बाद माटुंगा के रामनारायण रुइया कॉलेज के विद्यार्थियों ने मिठाई खिला एक दूसरे का मुंह मीठा किया।

1 लाख 31 हजार को 75 फीसदी से ज्यादा

बारहवीं में 75 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल करने वाले कुल विद्यार्थियों की संख्या 1 लाख 31 हजार 561 है जबकि 4 लाख 12 हजार 396 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में पास हुए हैं। 5 लाख 80 हजार 748 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी और 1 लाख 67 हजार 763 विद्यार्थी उत्तीर्ण श्रेणी में हैं।

किस विभाग में कितने हुए पास

विभाग परीक्षा में बैठे उत्तीर्ण हुए कितने फीसदी पास

पुणे 2,40,692 2,24,665 93.34

नागपुर 1,52,121 1,37,455 90.35

औरंगाबाद 1,64,545 1,51,148 91.85

मुंबई 3,29,337 2,90,258 88.13

कोल्हापुर 1,18,031 1,10,110 93.28

अमरावती 1,38,564 1,28,521 92.75

नाशिक 1,59,002 1,45,749 91.66

लातूर 88,051 79,572 90.37

कोंकण 26,028 24,990 96.01

कुल 14,16,371 12,92,468 91.25

विज्ञान वाले बेहतर, कला वाले पिछड़े

बारहवीं में विज्ञान संकाय के नतीजे सबसे बेहतर रहे हैं और इसके 96.09 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे हैं। वाणिज्य शाखा के नतीजे 90.42 फीसदी, आईटीआई के नतीजे 90.84 फीसदी, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों के नतीजे 89.25 फीसदी और कला संकाय के नतीजे 84.05 फीसदी रहे हैं।

93 फीसदी दिव्यांग सफल

बारहवीं में 6,072 दिव्यांग विद्यार्थियों ने भी परीक्षा दी थी। इनमें से 5,673 यानी 93.43 फीसदी सफल रहे हैं। इसके अलावा परीक्षा देने वाले 35,834 प्राइवेट विद्यार्थियों में से 29,526 यानी 82.39 फीसदी और दोबारा परीक्षा देने वाले (रिपीटर) विद्यार्थियों में से 44.33 फीसदी सफल रहे हैं।

कोरोना खत्म, पास होने वाले कम

कोरोना संक्रमण साल 2021 में जब चरम पर था, 12वीं में 99.63 फीसदी विद्यार्थी सफल हुए थे। लेकिन ऑफलाइन परीक्षाएं शुरु हुईं तो एक बार फिर पास होने वाले विद्यार्थियों की संख्या घटने लगी। इस साल भी इसका असर हुआ है। पास होने वाले विद्यार्थी 91 फीसदी हो गए।

एचएससी के 4 साल के नतीजे

वर्ग 2020 2021 2022 2023

विज्ञान 96.93 99.45 98.30 96.09

कला 82.63 99.83 90.51 84.05

वाणिज्य 91.27 99.91 91.71 90.42

व्यवसायिक 86.07 98.80 92.40 89.25

कुल 90.66 99.63 94.22 91.25

छत्रपति संभाजीनगर संभाग का परिणाम 91.85 प्रतिशत

छत्रपति संभाजीनगर संभाग से कुल 1 लाख 64 हजार 545 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। उसमें 1 लाख 51 हजार 148 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। संभाग का परिणाम 91.85 प्रतिशत घोषित हुआ। संभाग में लड़कों के तुलना में लड़कियों 3.73 प्रतिशत से अधिक सफल रहीं है। संभागीय मंडल के प्रभारी संभागीय सचिव विजय जोशी ने जानकारी दी।


Created On :   25 May 2023 3:22 PM GMT

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story