- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- 100 मीटर से अधिक ऊंचे पहाड़ों पर...
सदन: 100 मीटर से अधिक ऊंचे पहाड़ों पर विकास से पहले जांच अनिवार्य, नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुविधाओं के लिए होगी बैठक, दूध मिलावटखोरों पर मकोका

Mumbai News. राज्य के ऐतिहासिक महत्व वाले पर्वतीय क्षेत्रों में विकास कार्य अब सख्त नियमों के तहत ही किए जाएंगे। इस संबंध में वन मंत्री गणेश नाईक ने विधानसभा ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के दौरान स्पष्ट किया कि सरकार इस मुद्दे को लेकर गंभीर है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। भाजपा सदस्य महेश बालदी द्वारा उठाए गए प्रश्न का उत्तर देते हुए मंत्री नाईक ने कहा कि ऐतिहासिक और संवेदनशील क्षेत्रों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि स्थानीय नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। इसके साथ ही 100 मीटर से अधिक ऊंचे पहाड़ों पर विकास से पहले जांच अनिवार्य होगी। मंत्री नाईक ने जानकारी दी कि रायगड जिले के उरण तहसील में स्थित द्रोणागिरी पर्वत क्षेत्र का ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व है। ऐसे क्षेत्रों में विकास करते समय नियमों का सख्ती से पालन करना आवश्यक है। उन्होंने आगे बताया कि केंद्र सरकार और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुसार 100 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों में किसी भी प्रकार के व्यावसायिक, आवासीय या अन्य निर्माण कार्य शुरू करने से पहले विस्तृत जांच और अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सरकार का उद्देश्य विकास और विरासत संरक्षण के बीच संतुलन बनाए रखना है, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए इन ऐतिहासिक स्थलों की पहचान और महत्व सुरक्षित रह सके।
यह भी पढ़े -मुंबई में प्रॉपर्टी कार्ड की प्रक्रिया होगी ऑनलाइन, बाढ़ जैसी आपात स्थितियों में गर्भवती महिलाओं की सरकार करेगी विशेष व्यवस्था
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुविधाओं के लिए होगी बैठक
नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विधान परिषद के सभापति राम शिंदे की अध्यक्षता में विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा परिसर में ही होगी। विधान परिषद में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री उदय सामंत ने यह आश्वासन दिया। प्रश्नकाल के दौरान सदन में निर्दलीय विधायक सत्यजीत तांबे और शिवसेना (उद्धव) विधायक सचिन अहिर ने इस बारे में सवाल पूछा था। सामंत ने कहा कि यह बात सत्य है कि नवी मुंबई हवाई अड्डे पर पहुंचने के लिए यात्रियों को असुविधा हो रही है। लेकिन यात्रियों को नवी मुंबई हवाई अड्डे तक पहुंचने के लिए मेट्रो समेत अन्य परियोजनाओं का काम शुरू है। सामंत ने बताया कि नागपुर- नवी मुंबई हवाई विमान सेवा शुरू है। 29 मार्च 2026 से नवी मुंबई हवाईअड्डे पर देशअंतर्गत 74 विमान सेवाएं शुरू हो जाएंगी। जिसमें कोल्हापुर और छत्रपति संभाजीनगर विमान सेवा का भी समावेश होगा।
यह भी पढ़े -राष्ट्रीय राजधानी में महाराष्ट्र साड़ी प्रदर्शनी का हुआ समापन, मुख्यमंत्री फडणवीस ने इस पहल को सराहा
अंधेरी में दूध मिलावटखोरों के खिलाफ लागू होगा मकोका
मुंबई के अंधेरी पश्चिम के नवजीत नगर, रहिवासी सेवा संघ में छापा मारकर गिरफ्तार किए गए 14 आरोपियों के खिलाफ मकोका के तहत कार्रवाई की जाएगी। विधान परिषद में राज्य के अन्न व औषधि प्रशासन (एफडीए) मंत्री नरहरी जिरवाल ने यह घोषणा की। उन्होंने कहा कि राज्य में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के लिए मकोका के तर्ज पर नया कानून प्रस्तावित है। लेकिन अंधेरी पश्चिम के मामले में आरोपियों के खिलाफ मकोका लगाया जाएगा। सोमवार को प्रश्नकाल में सदन में शिवसेना (शिंदे) विधायक मनीषा कायंदे ने अंधेरी में मिलावटी दूध आपूर्ति को लेकर सवाल पूछा था। जबकि कांग्रेस विधायक भाई जगताप ने कहा कि मुलुंड, कुर्ला और खार समेत पूरे राज्य में दूध मिलावटखोरी हो रही है। इसके जवाब में जिरवाल ने कहा कि वर्सोवा पुलिस ने अंधेरी पश्चिम के नवजीत नगर, रहिवासी सेवा संघ में सात छापे मारे गए थे। जिसमें अमूल और गोकुल ब्रांड का इस्तेमाल करके थैली में मिलावटी दूध भरा जा रहा था। इस मामले में 14 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से 4 लोगों के खिलाफ तड़ीपारी की कार्रवाई शुरू है। जिरवाल ने बताया कि एफडीए में 2544 मंजूर है। जिसमें से 1273 पद भरे गए हैं। जबकि बाकी पदों को भरने की कार्यवाही की जा रही है।
Created On :   23 March 2026 9:25 PM IST











