- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- एनएमएनएफ के तहत महाराष्ट्र के 2 लाख...
New Delhi News: एनएमएनएफ के तहत महाराष्ट्र के 2 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत, मिट्टी के नमूने एकत्रित

- 9276 पंजीकृत किसानों से मिट्टी के नमूने एकत्रित
- 2 लाख से ज्यादा किसान पंजीकृत
New Delhi News. महाराष्ट्र में राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन (एनएमएनएम) के तहत 2,01,011 किसानों ने अपना पंजीकरण कराया है और अब तक 9276 पंजीकृत किसानों से मिट्टी के नमूने एकत्रित किए गए हैं। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लोकसभा में यह जानकारी दी। शिवसेना (शिंदे) सांसद नरेश म्हस्के और रविंद्र वायकर के पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में केंद्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 25 नवंबर 2024 को 2481 करोड़ रुपए के कुल परिव्यय लागत के साथ केंद्र द्वारा प्रायोजित योजना के रूप में एनएमएनएफ को स्वीकृति प्रदान की है। इस मिशन का उद्देश्य सतत एवं जलवायु अनुकूल कृषि तथा सुरक्षित भोजन सुनिश्चित करने हेतु वैज्ञानिक तरीके अपनाकर कृषि पद्धतियों को सुदृढ़ बनाना है।
चौहान ने बताया कि इस योजना में 18.75 लाख किसानों को शामिल करते हुए 7.5 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में 15 हजार प्राकृतिक खेती क्लस्टरों के गठन और प्राकृतिक खेती संबंधी आदानों की सुगम उपलब्धता के लिए 10 हजार मांग आधारित जैव-आदान संसाधन केंद्र (बीआरसी) स्थापित करने की योजना है। इससे बाहर से खरीदे जाने वाले रासायनिक आदानों पर निर्भरता कम हो जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) और भारतीय कृषि प्रणाली अनुसंधान संस्थान (आईआईएफएसआर) द्वारा 16 राज्यों में 20 स्थानों पर 484 किसानों के खेतों पर किए गए अध्ययन के अनुसार प्राकृतिक खेती के कई लाभ हैं। इसमें दलहनों के साथ इंटरक्रॉपिंग, फसल अवशेषों का उपयोग कर मल्चिंग द्वारा और भूमि संरक्षण फसल के माध्यम से उपज में वृद्धि शामिल है।
Created On :   5 Aug 2025 6:50 PM IST