प्रदर्शन को समर्थन: सांसद सुप्रिया सुले, विवेक तन्खा और खेड़ा पहुंचे जंतर-मंतर, कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में आंदोलन

सांसद सुप्रिया सुले, विवेक तन्खा और खेड़ा पहुंचे जंतर-मंतर, कॉकरोच जनता पार्टी के समर्थन में आंदोलन
  • जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी का आंदोलन
  • 9 किलो से ज्यादा कम हुआ वांगचुक का वजन

New Delhi News. पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए शुक्रवार को कांग्रेस और राकांपा (शरद) के नेता भी जंतर-मंतर पहुंचे। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर अनशन पर बैठे पर्यावरणविद सोनम वांगचुक से उनके सेहत की जानकारी लेने के बाद राकांपा (शरद) सांसद सुप्रिया सुले ने उनसे भूख हड़ताल खत्म करने का भी अनुरोध किया।

कॉकरोच जनता पार्टी के प्रमुख अभिजीत दीपके और वांगचुक से मुलाकात के बाद सुप्रिया सुले ने संवाददाताओं से बातचीत की। सुले ने कहा कि वह वांगचुक से भूख हड़ताल खत्म करने का अनुरोध करने आई हैं। उन्होंने वांगचुक से कहा है कि अगर कोई लड़ाई लड़नी है, तो हम सब मिलकर संसद में भी उसे लड़ेंगे। राकांपा (शरद) सांसद ने कहा कि उनकी पार्टी सोमवार से शुरु हो रहे संसद के मानसून सत्र में नीट छात्रों से जुड़े मुद्दे को उठाएगी।

इससे पहले, कांग्रेस सांसद पवन खेड़ा, विवेक तन्खा और कांग्रेस के उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने भी वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल लिया। खेड़ा ने कहा कांग्रेस सोनम वांगचुक की सेहत को लेकर चिंतित हैं। सत्ता में बैठी सरकार बहुत असंवेदनशील है और लोकतांत्रिक विरोध की भाषा नहीं समझती। ऐसी सरकार के सामने विरोध का तरीका भी समय के साथ बदलना चाहिए। खेड़ा ने कहा कि हमें वांगचुक और उनके साथ बैठे छात्रों की सेहत की चिंता है। उन्होंने वांगचुक से कहा कि वह अपनी जान जोखिम में डालकर इस सरकार से कुछ भी हासिल नहीं कर पाएंगे।

9 किलो से ज्यादा कम हुआ वांगचुक का वजन

सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल का शुक्रवार को 20 वां दिन रहा। डॉ सतीश लांबा ने उनके सेहत की जानकारी देते हुए कहा कि पिछले 24 घंटों में उनका वजन 350 ग्राम कम हुआ है। बीते गुरुवार को वांगचुक का वजन 9 किलो कम हुआ था। उनका ब्लड प्रेशर 108/68 है, ब्लड शुगर 80 एमजी/डीएल है और पल्स रेट 72 प्रति मिनट है। शरीर में हल्का डिहाइड्रेशन (पानी की कमी) देखी गई है। उन्होंने बताया कि चिकित्सकों की टीम 24 घंटे नजर वांगचुक के सेहत पर नजर बनाए हुए है।

Created On :   17 July 2026 9:36 PM IST

Tags

Next Story