लिखा खत: पेट्रोल में अनिवार्य एथेनॉल ब्लेंडिंग पर पुनर्विचार की मांग, आदित्य ठाकरे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

पेट्रोल में अनिवार्य एथेनॉल ब्लेंडिंग पर पुनर्विचार की मांग, आदित्य ठाकरे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
  • आदित्य ठाकरे ने पीएम मोदी को लिखा पत्र
  • पेट्रोल में अनिवार्य एथेनॉल ब्लेंडिंग पर पुनर्विचार की मांग

Mumbai News. शिवसेना (उद्धव) विधायक आदित्य ठाकरे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लिखकर पेट्रोल में अनिवार्य एथेनॉल ब्लेंडिंग की नीति पर पुनर्विचार करने और उपभोक्ताओं को ईंधन चुनने का विकल्प देने की मांग की है। पत्र में आदित्य ने दावा किया कि बढ़ती एथेनॉल ब्लेंडिंग को लेकर देशभर में वाहन मालिकों, विशेषकर युवाओं और मध्यम वर्ग के बीच चिंता बढ़ रही है। अधिकांश परिवारों के लिए दोपहिया या कार खरीदना वर्षों की मेहनत, बचत और ईएमआई का परिणाम होता है। ऐसे में लोग अपने वाहन से निर्माता द्वारा वादा किए गए माइलेज और प्रदर्शन की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने लिखा कि कई वाहन मालिकों का कहना है कि अधिक एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल के कारण उनके वाहनों का माइलेज कम हो रहा है और प्रदर्शन भी प्रभावित हो रहा है।

पत्र में एथेनॉल उत्पादन के लिए गन्ने की बढ़ती खेती पर भी चिंता जताई गई है। आदित्य ने लिखा कि गन्ना देश की सबसे अधिक पानी की खपत वाली फसलों में शामिल है। ऐसे समय में जब देश के कई हिस्से जल संकट का सामना कर रहे हैं, तब इस नीति की दीर्घकालिक स्थिरता पर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि लोगों के बीच यह धारणा बन रही है कि इस नीति से आम उपभोक्ताओं की तुलना में कुछ कंपनियों और उद्योग समूहों को अधिक लाभ मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इन आशंकाओं का पारदर्शी तरीके से समाधान किया जाना चाहिए। दुनिया के कई देशों में उपभोक्ताओं को अपनी जरूरत के अनुसार ईंधन चुनने की स्वतंत्रता होती है। इसी तर्ज पर भारत में भी उपभोक्ताओं को 100 प्रतिशत पेट्रोल और एथेनॉल मिश्रित पेट्रोल दोनों विकल्प उपलब्ध कराए जाने चाहिए, ताकि लोग अपने वाहन की अनुकूलता के अनुसार ईंधन का चयन कर सकें। उन्होंने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि सरकार उपभोक्ता हित में इस विषय पर पुनर्विचार करे। उनके अनुसार, इससे लाखों वाहन मालिकों को सुविधा मिलेगी, उपभोक्ताओं की पसंद सुरक्षित रहेगी और सरकारी नीतियों पर लोगों का भरोसा भी मजबूत होगा।

Created On :   16 July 2026 10:27 PM IST

Tags

Next Story