योजना बंद: प्रदेश में अंत्योदय राशन कार्ड धारक महिलाओं को अब नहीं मिलेगी मुफ्त में एक साड़ी

प्रदेश में अंत्योदय राशन कार्ड धारक महिलाओं को अब नहीं मिलेगी मुफ्त में एक साड़ी
  • पूर्व की शिंदे सरकार ने साल 2023 में पांच सालों के लिए शुरू की थी योजना
  • महायुति सरकार ने बंद किया कैप्टिव मार्केट योजना
  • शिंदे सरकार ने शुरू की थी योजना

Mumbai News. महायुति सरकार ने अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार की महिला को हर साल मुफ्त में एक साड़ी देने वाली कैप्टिव मार्केट योजना को बंद कर दिया है। इससे नए साल में होली त्यौहार के समय अंत्योदय राशन कार्ड धारक महिलाओं को अब मुफ्त में एक साड़ी नहीं मिल सकेगी। गुरुवार को राज्य के वस्त्रोद्योग विभाग ने कैप्टिव मार्केट योजना बंद करने का फैसला लिया है। साल 2023 से शुरू हुई इस योजना की अवधि साल 2028 तक यानी पांच साल तक थी। लेकिन वस्त्रोद्योग विभाग ने कहा है कि वर्तमान में विभिन्न योजनाएं और वस्त्रोद्योग समूहों को दिए जाने वाली आर्थिक सहायता व प्रस्तावित योजनाओं पर आर्थिक भार और अन्य अदायगी के मद्देनजर कैप्टिव मार्केट योजना को जारी रखना उचित नहीं है। इस कारण आर्थिक वर्ष 2026-27 से इस योजना को बंद करने का फैसला लिया गया है।

शिंदे सरकार ने शुरू की थी योजना

इससे पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री तथा वर्तमान उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने 10 नवंबर 2023 को अंत्योदय राशन कार्ड धारक प्रत्येक परिवार को हर साल त्यौहार के समय मुफ्त में एक साड़ी देने के लिए कैप्टिव मार्केट योजना शुरू करने को मंजूरी दी थी। इसके बाद राज्य के वस्त्रोद्योग विभाग ने 2 जून 2023 को इस योजना को लागू करने के लिए शासनादेश जारी किया था। वस्त्रोद्योग विभाग ने योजना के लिए राज्य के पावरलूम्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को नोडल एजेंसी नियुक्त किया था।

राशन दुकानों पर बांटी जाती थी साड़ी

पावरलूम्स कॉर्पोरेशन द्वारा उत्पादित साड़ियों को राज्य के खाद्य व नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से राशन दुकानों पर लाभार्थी महिलाओं को बांटा जा रहा था। इसके आधार पर अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार की किसी एक महिला को सरकारी राशन दुकानों पर मुफ्त में एक साड़ी दी जा रही थी। सरकार की ओर से हर साल गणतंत्र दिवस 26 जनवरी से होली के त्यौहार तक की अवधि में साड़ी दी जाती थी। राज्य में पहली बार साल 2024 में जनवरी से मार्च महीने तक साड़ी का वितरण किया गया था। इसके लिए सरकार ने राज्य पावरलूम्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड को 60 करोड़ रुपए उपलब्ध कराए थे। राज्य में लगभग 24 लाख से अधिक अंत्योदय राशन कार्ड धारक परिवार को एक-एक साड़ी दी थी। लेकिन आर्थिक बोझ के कारण अब इस योजना को बंद कर दिया गया है

Created On :   16 July 2026 9:58 PM IST

Tags

Next Story