अच्छी पहल: कक्षा 7वीं से 10वीं तक के पाठ्यक्रम में शामिल होगा ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित विषय- फडणवीस

कक्षा 7वीं से 10वीं तक के पाठ्यक्रम में शामिल होगा ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित विषय- फडणवीस
  • महाराष्ट्र को नशामुक्त बनाने के लिए ड्रग्स की पूरी अर्थव्यवस्था खत्म करें: देवेंद्र फडणवीस
  • कक्षा 7वीं से 10वीं तक के पाठ्यक्रम में शामिल होगा ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित विषय-
  • स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल होगा ड्रग्स के दुष्परिणामों का विषय

Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राज्य को नशामुक्त बनाने के लिए ड्रग्स की पूरी सप्लाई चेन और उससे जुड़ी अर्थव्यवस्था को जड़ से खत्म करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि एक मजबूत महाराष्ट्र के निर्माण के लिए सरकार के साथ-साथ समाज के हर वर्ग की भागीदारी आवश्यक है। सह्याद्री अतिथि गृह में 'नशामुक्त महाराष्ट्र रणनीति एवं कार्ययोजना' पर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक और कृत्रिम दोनों प्रकार के मादक पदार्थों के उत्पादन, तस्करी, खरीद-बिक्री और वितरण नेटवर्क पर समन्वित कार्रवाई क जाए। उन्होंने ड्रग्स की सप्लाई चेन में शामिल छोटे-बड़े सभी तस्करों तक पहुंचकर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए। फडणवीस ने कहा कि कक्षा 7वीं से 10वीं तक के पाठ्यक्रम में ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित विषय शामिल किया जाएगा।

स्कूलों के पाठ्यक्रम में शामिल होगा ड्रग्स के दुष्परिणामों का विषय

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को कम उम्र से ही नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना जरूरी है। इसके लिए कक्षा 7वीं से 10वीं तक के पाठ्यक्रम में ड्रग्स के दुष्प्रभावों से संबंधित विषय शामिल करने का सुझाव दिया गया है। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों को "ड्रग्स मुक्त परिसर" घोषित करने के लिए नियमावली तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।

राज्यभर में स्थापित होंगे नशामुक्ति केंद्र

फडणवीस ने कहा कि नशे की लत से बाहर निकलना चाहने वाले लोगों के लिए पूरे राज्य में नशामुक्ति केंद्रों का नेटवर्क तैयार किया जाएगा। स्वयंसेवी संस्थाओं के सहयोग से मेडिकल एजुकेशन, स्वास्थ्य विभाग और एंटी नारकोटिक्स सेल के समन्वय से केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मुंबई में महानगरपालिका को बहु-विषयक नशामुक्ति केंद्र शुरू करने और बड़े सरकारी अस्पतालों में भी इस तरह की सुविधा विकसित करने के निर्देश दिए गए।

ड्रग्स मामलों के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट की तैयारी

मुख्यमंत्री ने एनडीपीएस कानून के तहत दर्ज मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का सुझाव दिया। साथ ही सरकारी वकीलों को विशेष प्रशिक्षण देने और ड्रग्स मामलों में प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। फडणवीस ने ड्रग्स के खिलाफ बड़ी कार्रवाई में सहयोग करने वाले आम नागरिकों के लिए पुरस्कार योजना शुरू करने की घोषणा की। उन्होंने ड्रग्स विरोधी कार्रवाई में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को मूल वेतन का तीन प्रतिशत अग्रिम वेतन, परिस्थितियों के अनुसार हवाई यात्रा की सुविधा तथा विशेष पुरस्कार देने के भी निर्देश दिए।

2021 से 2025 के बीच हजारों करोड़ के ड्रग्स जब्त

बैठक में प्रस्तुत आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2021 से 2025 के बीच महाराष्ट्र पुलिस ने विभिन्न अभियानों में 6 हजार 550 करोड़ रुपए मूल्य का 5.7 टन मेफेड्रोन, 484.75 करोड़ रुपए की 134 किलोग्राम हेरोइन, 186.44 करोड़ रुपये मूल्य का 109.7 टन गांजा, 14.67 करोड़ रुपये का 759 किलोग्राम चरस तथा 14.60 करोड़ रुपये मूल्य का 134 किलोग्राम कोकीन जब्त किया। वहीं, 2025 में 17 हजार 611 मामलों में 56 हजार 206 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के मादक पदार्थ जब्त किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत 1 हजार 340 करोड़ रुपये है। इन मामलों में 15 हजार 994 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें 72 विदेशी नागरिक भी शामिल हैं।

Created On :   16 July 2026 9:46 PM IST

Tags

Next Story