सनसनीखेज मामला: शिवाजीनगर में महज़ 15 सौ की उधारी के लिए बचपन का दोस्त की धारदार हथियार से हत्या

शिवाजीनगर में महज़ 15 सौ की उधारी के लिए बचपन का दोस्त की धारदार हथियार से हत्या
  • पुलिस ने मृतक के दोस्त समेत तीन आरोपियों को किया गिरफ्तार
  • पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई

Mumbai News. शिवाजीनगर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ महज़ 1,500 के मामूली लेनदेन और पुराने पारिवारिक विवाद के चलते एक युवक की उसके ही बचपन के दोस्त ने धारदार हथियार से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी मृतक के दोस्त समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, यह पूरी घटना 15 जुलाई 2026 की रात करीब 11:00 बजे शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली म्हाडा कॉलोनी की इमारत संख्या 34-बी के सामने घटित हुई। मृतक की पहचान रियाज शेख (24) के रूप में हुई है। हमले के बाद खून से लथपथ रियाज को स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से तुरंत इलाज के लिए राजावाड़ी अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने की हरसंभव कोशिश की, लेकिन घाव इतने गहरे थे कि इलाज के दौरान गुरुवार को अगले रियाज ने दम तोड़ दिया।

पुलिस की प्राथमिक जांच में यह बात सामने आई है कि रियाज और मुख्य आरोपी बचपन के पक्के दोस्त थे। हालांकि, उनके परिवारों के बीच लंबे समय से रंजिश चल रही थी। इसके अलावा आरोपी ने कुछ समय पहले रियाज को 1,500 उधार दिए थे, जिसे लेकर दोनों में अक्सर कहासुनी होती थी। 15 जुलाई की रात रियाज अपनी इमारत के सामने बनी पानी की टंकी के पास बैठा हुआ था। इसी दौरान मुख्य आरोपी अपने दो साथियों के साथ वहां आ धमका।

1,500 की उधारी और पुरानी पारिवारिक रंजिश को लेकर दोनों पक्षों में एक बार फिर बहस शुरू हो गई। गाली-गलौज से शुरू हुआ यह विवाद देखते ही देखते हाथापाई में बदल गया। इसी बीच गुस्से में आकर मुख्य आरोपी ने अपने पास छिपाकर रखा धारदार हथियार निकाला और सीधे रियाज के पेट में घोप दिया। हमला इतना घातक था कि रियाज वहीं जमीन पर गिर पड़ा और आरोपी फरार हो गए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए शिवाजीनगर पुलिस ने तुरंत जांच दल गठित किया। पुलिस ने तकनीकी और जमीनी सूत्रों की मदद से जाल बिछाकर मुख्य आरोपी और वारदात में उसकी मदद करने वाले दोनों साथियों को धर-दबोचा। आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Created On :   16 July 2026 10:07 PM IST

Tags

Next Story