महायुति में नाराजगी से उठे सवाल: सूखे की बैठक से एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा को बाहर रखने पर महायुति में नाराजगी, केंद्रीय दल की बैठक में दोनों को न्योता नहीं मिला

सूखे की बैठक से एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा को बाहर रखने पर महायुति में नाराजगी, केंद्रीय दल की बैठक में दोनों को न्योता नहीं मिला
  • दोनों उप मुख्यमंत्रियों को न्योता नहीं मिलने पर उठे सवाल
  • केंद्रीय दल को महाराष्ट्र लाने के लिए एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई थी

डिजिटल डेस्क, मुंबई. महाराष्ट्र में सूखे की गंभीर स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के सरकारी निवास वर्षा बंगले पर रविवार को हुई केंद्रीय दल की अहम बैठक अब महायुति के भीतर नाराजगी की वजह बन गई है। बैठक में उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार को आमंत्रित नहीं किए जाने से शिवसेना (शिंदे) और राकांपा (अजित) के विधायकों में भारी असंतोष बताया जा रहा है। शिंदे गुट के नेताओं का कहना जिस केंद्रीय दल को महाराष्ट्र लाने के लिए एकनाथ शिंदे ने प्रधानमंत्री से गुहार लगाई, उसी दल की बैठक से शिंदे को दूर रखना समझ से परे है।

शिवसेना (शिंदे) के एक वरिष्ठ नेता ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि दोनों ही दलों के नेताओं का मानना है कि राज्य में महायुति सरकार चल रही है और सूखे जैसे गंभीर मुद्दे पर सभी सहयोगी दलों को विश्वास में लेना जरूरी है। दोनों उप मुख्यमंत्रियों को बैठक से दूर रखे जाने से गठबंधन के भीतर समन्वय को लेकर सवाल खड़े होते हैं। नेताओं की नाराजगी का मुख्य मुद्दा यह है कि जब किसानों की मदद, राहत पैकेज और केंद्र से सहायता जैसे अहम विषयों पर चर्चा हो रही थी, तब सरकार के दोनों उप मुख्यमंत्रियों की मौजूदगी क्यों नहीं रही? क्या सहयोगी दलों के प्रमुख नेताओं को विश्वास में लिए बिना ऐसे महत्वपूर्ण फैसलों पर चर्चा करना उचित है? ऐसे सवाल उठने लगे है।

दोनों गुटों की चिंता है कि जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय स्तर पर सहयोगी दलों को साथ लेकर चलने की बात करते हैं, लेकिन महाराष्ट्र में बैठक को लेकर सामने आए घटनाक्रम से अलग संदेश जा रहा है। सूखे की मार झेल रहे किसानों को तत्काल राहत की जरूरत है। किसानों के मुद्दे पर विपक्ष सरकार पर जोरदार हमला कर रहा है। इसके साथ ही यह सवाल खड़े होने लगे हैं कि क्या महायुति सरकार में सब कुछ ठीक है।

Created On :   12 Oct 2026 9:19 PM IST

Tags

Next Story