कोरोना में 350 रुपए वाला बॉडी बैग मुंबई मनपा ने 6700 रुपए में खरीदा- श्रीकांत शिंदे

कोरोना में 350 रुपए वाला बॉडी बैग मुंबई मनपा ने 6700 रुपए में खरीदा- श्रीकांत शिंदे
  • 350 रुपए वाला बॉडी बैग 6700 रुपए में खरीदा
  • मुंबई मनपा पर श्रीकांत शिंदे का आरोप

डिजिटल डेस्क, मुंबई। शिवसेना (शिंदे गुट) सांसद श्रीकांत शिंदे ने उद्धव गुट पर कोरोना काल में मुंबई महानगरपालिका (मनपा) में बॉडी बैग की खरीद फरोख्त में भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। श्रीकांत ने कहा कि जब आम जनता अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही थी उस समय मुंबई मनपा में लूट मची हुई थी। उन्होंने कहा कि जिस कोरोना बॉडी बैग को ठाणे मनपा ने 350 रुपए में खरीदा था उसी बैग के लिए मुंबई मनपा ने 6 हजार 700 रुपए का भुगतान किया। श्रीकांत शिंदे ने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व में मुंबई मनपा एशिया की सबसे भ्रष्ट महानगरपालिका बन गई थी।

आघाडी सरकार की गलत नीतियों के चलते मराठी माणूस को मुंबई से बाहर जाना पड़ा- श्रीकांत शिंदे

श्रीकांत शिंदे पिछले कई दिनों से मुंबई में शिवसेना (शिंदे गुट) की शाखाओं में जाकर लोगों से संवाद कर रहे हैं। श्रीकांत ने उद्धव ठाकरे पर निशाना साधते हुए कहा कि जो लोग मुंबई मनपा को लूट रहे थे अब वही लोग भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर उसी मनपा मुख्यालय पर प्रदर्शन करने की बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुंबई मनपा में हुए भ्रष्टाचार के लिए एसआईटी का गठन हो चुका है जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। श्रीकांत ने कहा कि उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महाविकास आघाडी सरकार की गलत नीतियों के चलते ही मराठी माणूस को मुंबई से बाहर जाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आदित्य ठाकरे को मुख्यमंत्री पर आरोप लगाने से पहले अपने 15 साल के मनपा कार्यकाल के बारे में जनता को बताना चाहिए।

जांच में क्यों की देरी - आनंद दुबे

उद्धव गुट के प्रवक्ता आनंद दुबे ने श्रीकांत शिंदे द्वारा लगाए गए आरोपों पर कहा कि आपके पास सीबीआई है, ईडी है और पुलिस है। आप चाहें तो इसकी जांच करा सकते हैं। दूबे ने कहा कि सरकार एक साल बाद जग रही है। अगर उन्हें पहले से ही इसके बारे में पता था तो उन्होंने अब तक जांच क्यों नहीं कराई।


Created On :   26 Jun 2023 9:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story