Mumbai News: थल सेना, नौसेना और वायु सेना मिलकर भारत की सामरिक शक्ति की त्रिमूर्ति - जनरल द्विवेदी

थल सेना, नौसेना और वायु सेना मिलकर भारत की सामरिक शक्ति की त्रिमूर्ति - जनरल द्विवेदी
  • माहे श्रेणी का पहला पनडुब्बी रोधी युद्धक जहाज नौसेना के बेड़े में शामिल
  • भारत की सामरिक शक्ति की त्रिमूर्ति
  • समुद्री निगरानी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका

Mumbai News. थल सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी ने सोमवार को कहा कि सशस्त्र बलों की ताकत तालमेल में निहित है और ऑपरेशन सिंदूर इसका उपयुक्त उदाहरण है। वे मुंबई में माहे श्रेणी के पहले पनडुब्बी रोधी युद्धपोत के जलावतरण के अवसर पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि समुद्र, भूमि और आकाश राष्ट्रीय सुरक्षा की एक सतत श्रृंखला बनाते हैं और थल सेना, नौसेना और वायु सेना मिलकर भारत की सामरिक शक्ति की त्रिमूर्ति हैं। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना ने यह माना है कि आधुनिक संघर्ष बहु-क्षेत्रीय, ‘हाइब्रिड’ होंगे और इसके लिए राष्ट्रीय शक्ति की एकजुटता आवश्यक होगी।

सोमवार को मुंबई में हुए एक समारोह में आईएनएस माहे को नौसेना बेड़े में शामिल किया गया। इस जहाज के सेवा में शामिल होने से नौसेना की युद्ध क्षमता में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। सेना प्रमुख जनरल उपेन्द्र द्विवेदी आईएनएस माहे के जलावतरण के अवसर पर मुख्य अतिथि थे। यह जलपोत उथले पानी के स्वदेशी लड़ाकू जहाजों की नई पीढ़ी का प्रतीक है। एक अधिकारी ने बताया कि यह पहली बार था कि नौसेना के किसी जहाज के जलावतरण के अवसर पर थल सेना प्रमुख मौजूद थे।

समुद्री निगरानी बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका

नौसेना की ओर से कहा गया कि माहे श्रेणी का युद्धपोत तटीय रक्षा की पहली पंक्ति का निर्माण करेगा। जो बड़े लड़ाकू जहाजों, पनडुब्बियों और विमानन परिसंपत्तियों के साथ एकीकृत होकर भारत के समुद्री परिचालन क्षेत्रों पर निरंतर निगरानी बनाए रखेगा। कोचीन शिपयार्ड लिमिटेड (सीएसएल) द्वारा निर्मित आईएनएस माहे डिजाइन और निर्माण में ‘आत्मनिर्भर भारत’ पहल का एक अत्याधुनिक उदाहरण है। नौसेना की ओर कहा गया कि माहे छोटा होने के साथ-साथ शक्तिशाली भी है। इस जहाज को पनडुब्बियों का पता लगाने, तटीय गश्त करने और भारत के महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों को सुरक्षित करने के लिए डिजाइन किया गया है। टॉरपीडो और पनडुब्बी-रोधी रॉकेटों से लैस माहे श्रेणी का पहला पनडुब्बी रोधी उथले पानी का युद्धक पोत 23 अक्टूबर को नौसेना को सौंपा गया था।

Created On :   24 Nov 2025 8:32 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story