Mumbai News: फडणवीस - शिंदे विवाद पर भाजपा में मंथन, महाराष्ट्र का मुद्दा राज्य में ही निपटाएं

फडणवीस - शिंदे विवाद पर भाजपा में मंथन, महाराष्ट्र का मुद्दा राज्य में ही निपटाएं
  • वरिष्ठ भाजपा नेताओं की दोनों नेताओं को सीधी सलाह
  • फडणवीस -शिंदे विवाद पर भाजपा में मंथन

Mumbai News. महाराष्ट्र की राजनीति में पिछले कई दिनों से चल रहे मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बीच विवाद पर अब भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने हस्तक्षेप किया है। भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार दोनों नेताओं फडणवीस और शिंदे के बीच लगातार बढ़ती बयानबाजी और तनाव को देखते हुए पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने दोनों पक्षों को स्पष्ट संदेश दिया है कि यह पूरा मामला राज्य स्तर पर ही सुलझाया जाए, ताकि विवाद का राष्ट्रीय स्तर पर गलत असर न पड़े।

क्या है विवाद?

भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार पिछले कुछ दिनों में फडणवीस और शिंदे ने दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। खबर है कि शिंदे ने शाह से मिलकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण और फडणवीस की शिकायत की थी। इसके साथ ही शिंदे ने बीएमसी चुनाव में भाजपा द्वारा शिंदे गुट को कम सीटों का ऑफर देने का मामला भी शाह के सामने उठाया।दिल्ली में हुई चर्चा के बाद भाजपा के शीर्ष नेताओं ने महाराष्ट्र नेतृत्व को स्पष्ट निर्देश दिया कि यह मुद्दा महाराष्ट्र का है। इसे महाराष्ट्र में ही बैठकर हल किया जाए। पार्टी के नेताओं को गठबंधन की छवि को नुकसान पहुंचाने वाली बयानबाजी से बचना चाहिए। इसके साथ ही यह भी कहा गया कि सरकार के सहयोगी दलों के साथ समन्वय बनाए रखना भी हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। विवाद का प्रदर्शन इस तरह नहीं होना चाहिए कि उस पर चर्चा हो।

गठबंधन में दबाव?

राज्य में शिंदे गुट, भाजपा और अजित गुट के बीच शक्ति केंद्रों को लेकर पिछले काफी समय से खींचतान पहले से ही चर्चा में है। ऐसे में फडणवीस-शिंदे विवाद को लेकर विपक्ष लगातार सरकार पर निशाना साध रहा है। विपक्षी दल तो शिंदे और अजित को सरकार से बाहर रहने का सुझाव भी दे चुके हैं। हालांकि शिंदे और अजित पहले ही कह चुके हैं कि कुछ मुद्दों पर सहमति नहीं बनने का मतलब ये नहीं कि सरकार से बाहर हो जाना चाहिए। हम सभी के साथ संपर्क में हैं और ठीक ढंग से सरकार चला रहे हैं।

Created On :   23 Nov 2025 10:12 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story