- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- बदलापुर छात्राओं से दुराचार मामला -...
Mumbai News: बदलापुर छात्राओं से दुराचार मामला - सरकार ने 40 फीसदी स्कूलों में अनुपालन का डाटा वेबसाइट पर प्रकाशन की दी जानकारी

- राज्य सरकार ने 40 फीसदी स्कूलों में अनुपालन का डाटा वेबसाइट पर प्रकाशित होने की हाई कोर्ट को दी जानकारी
- शिक्षा विभाग को अपनी वेबसाइट पर सभी स्कूलों में अनुपालन का विवरण 9 अक्टूबर को प्रकाशित करने का दिया निर्देश
- 10 अक्टूबर को मामले की अगली सुनवाई
Mumbai News. राज्य सरकार ने 40 फीसदी स्कूलों में अनुपालन का डेटा वेबसाइट पर प्रकाशित किए जाने की हाई कोर्ट को जानकारी दी। अदालत ने राज्य के शिक्षा विभाग को अपनी वेबसाइट पर सभी स्कूलों में अनुपालन का विवरण 9 अक्टूबर को प्रकाशित करने का निर्देश दिया है। 10 अक्टूबर को मामले की अगली सुनवाई होगी। न्यायमूर्ति रेवती मोहिते डेरे और न्यायमूर्ति संदेश डी. पाटिल की पीठ के समक्ष स्वत: संज्ञान याचिका पर सुनवाई हुई। इस दौरान सरकारी वकील ने पीठ को बताया कि राज्य के सभी स्कूलों, सरकारी, निजी, आश्रम शाला, आंगनवाड़ी और संप्रेक्षण गृहों से संबंधित सभी डेटा को 40 फीसदी अपडेट किया गया है। राज्य के शिक्षा विभाग को एक वेबसाइट बनाया है, जिसमें एक लिंक दिया गया है। स्कूल उस लिंक पर क्लिक करके समिति की सिफारिशों के अनुपालन के संबंध में अपडेट कर सकते हैं। सरकारी वकील ने समिति की सिफारिशों पर पूरी तरह से अनुपालन के लिए समय की मांग की। पीठ ने सरकार को 9 अक्टूबर तक राज्य के सभी स्कूलों ( सरकारी और निजी), आश्रमशाला, आंगनवाड़ी और संप्रेक्षण गृहों से संबंधित सभी डेटा अपलोड करने समेत सभी सिफारिशों के अनुपालन का निर्देश दिया है।
हाई कोर्ट ने पिछले साल बदलापुर में छात्राओं के साथ दुराचार के बाद स्कूलों में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं व्यक्त की थी। इसके बाद राज्य के स्कूली शिक्षा एवं खेल विभाग ने एक सरकारी शासनादेश (जीआर) जारी किया था, जिसमें सभी स्कूलों को सख्त सुरक्षा उपाय अपनाने का निर्देश दिया गया था।
पिछली सुनवाई के दौरान सरकार ने पीठ को बताया था कि 61621 सरकारी स्कूलों में स्कूल सुरक्षा समिति का गठन हो चुका है और 2266 सरकारी स्कूलों में अभी इसका गठन होना बाकी है। इसी तरह 41204 स्कूलों में स्कूल सुरक्षा समिति का गठन हो चुका है और 3231 स्कूलों में अभी इसका गठन होना बाकी है। 18572 सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी स्थापित की गई हैं और 45315 सरकारी स्कूलों में सीसीटीवी अभी स्थापित की जानी हैं। निजी विद्यालयों, सहायता प्राप्त, आंशिक रूप से सहायता प्राप्त और स्व-वित्तपोषित विद्यालयों का संबंध है। 44435 विद्यालयों में से 33296 विद्यालयों में सीसीटीवी लगा दिए गए हैं और 11139 विद्यालयों में अभी लगाए जाने हैं।
Created On :   30 Sept 2025 10:07 PM IST