Mumbai News: नवी मुंबई एयरपोर्ट को मिला डीजीसीए का लाइसेंस, संचालन का रास्ता साफ, उद्घाटन 8 अक्टूबर को कर सकते हैं मोदी

नवी मुंबई एयरपोर्ट को मिला डीजीसीए का लाइसेंस, संचालन का रास्ता साफ, उद्घाटन 8 अक्टूबर को कर सकते हैं मोदी
  • सालाना 2 करोड़ यात्री और 5 लाख टन सामान संभालने की क्षमता
  • गौतम अदाणी ने तैयारियों का जायजा लिया
  • आधुनिक सुविधाओं से सज्जित

Mumbai/Navi Mumbai News. नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एनएमआईए) को नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) का लाइसेंस मिल गया है। इसके साथ ही इस एयरपोर्ट से विमान सेवाओं के संचालन का रास्ता हो गया है। सूत्रों के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 8 अक्टूबर को इसका उद्घटान कर सकते हैं। वहीं, अदाणी समूह के अध्यक्ष गौतम अदाणी ने मंगलवार को एनएमआईए की तैयारियों का जायजा लिया। डीजीसीए भारत में नागरिक उड्डयन की नियामक संस्था है, जो हवाई अड्डों और विमानन सेवाओं की सुरक्षा और मानकों को सुनिश्चित करता है। इस लाइसेंस के बिना हवाई अड्डे पर विमान सेवाएं नहीं शुरू हो सकती हैं। नवी मुंबई एयरपोर्ट का विकास अदाणी समूह की अदाणी एयरपोर्ट्स होल्डिंग्स और राज्य सरकार की संस्था सिडको संयुक्त रूप से कर रहे हैं। यह पांच चरणों में तैयार होगा। पहले चरण में यह हवाई अड्डा सालाना 2 करोड़ यात्री और 5 लाख टन सामान (कार्गो) संभालने में सक्षम है। यहां से विमान सेवा का संचालन शुरू होने पर मुंबई एयरपोर्ट पर दबाव कम होगा। नवी मुंबई एयरपोर्ट के आसपास मांस विक्री करनेवाली अवैध दुकानों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

आधुनिक सुविधाओं से सज्जित

नवी मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 की वास्तुकला कमल से प्रेरित है। यात्री सेवा और सामान की आवाजाही के लिए यह एयरपोर्ट आधुनिक प्रणाली से सज्जित होगा। इनमें बायोमेट्रिक सत्यापन के साथ स्वचालित चेक-इन कियोस्क, उन्नत सिंगल-लेन स्मार्ट सुरक्षा, दुनिया की सबसे तेज बैगेज क्लेम प्रणाली और विशाल लाउंज शामिल है।

एयरोसिटी में होटल सहित अन्य सुविधाएं

एनएमआईए के आसपास बड़े होटल नहीं हैं। सिडको ने इसके पास एयरोसिटी परिसर बनाने की योजना बनाई है। यह उल्वे और पुष्पक नगर में 667 एकड़ में फैला होगा। एयरोसिटी में होटल खोलने के लिए जगह दी जाएगी। इसमें बिजनेस पार्क, कन्वेंशन सेंटर, शॉपिंग हब और मनोरंजन जैसी सुविधाएं भी होंगी।

Created On :   30 Sept 2025 9:53 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story