- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- सीएम बोले - मुंबई को गैंगवार की ओर...
विधानमंडल बजट सत्र: सीएम बोले - मुंबई को गैंगवार की ओर नहीं जाने देंगे, शुभम लोणकर की गिरफ्तारी अब दूर नहीं, अनमोल बिश्नोई को भी हिरासत में लेंगे

Mumbai News. विधान परिषद में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि किसी भी हालत में मुंबई को गैंगवार की तरफ नहीं जाने देंगे। उन्होंने कहा कि लारेंस बिश्नोई गैंग के ऑपरेटर शुभम लोणकर के भाई प्रवीण लोणकर को गिरफ्तार किया गया है। विदेश में बैठे शुभम को भी जल्द ही गिरफ्तार करके महाराष्ट्र लाया जाएगा। फडणवीस ने कहा कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग के अनमोल बिश्नोई को हिरासत में लेने के लिए राज्य सरकार ने केंद्र से मांग की है। उससे मुंबई पुलिस को कई मामलों के संदर्भ में पूछताछ करनी है। बुधवार को प्रश्नकाल में शिवसेना (उद्धव) विधायक सचिन अहिर और मिलिंद नार्वेकर ने फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के पास हुई गोलीबारी की घटना को लेकर सवाल पूछा था। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने सूचित किया कि रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर की दीवार पर गोली चलाने के मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाओं से फिल्म जगत के लोग डर जाते हैं इसलिए रोहित को पुलिस सुरक्षा दी गई है।
रंगदारी के लिए थोक में फोन करता है शुभम
मुख्यमंत्री ने कहा कि शुभम लोणकर अकोला जिले का है। लेकिन विदेश में बैठकर रंगदारी के लिए थोक में फोन करता है। शुभम ने पहले अकोला पश्चिम सीट से कांग्रेस विधायक साजिद खान को फोन किया था। इसके बाद अकोला के अकोट सीट के भाजपा विधायक प्रकाश भारसाकले को फोन किया। प्रकाश बेचारे गरीब आदमी हैं उनके पास कहां से पैसा आएगा?
प्रदेश में स्पा सेंटर के लिए बनाई जाएगी नई नियमावली
विधान परिषद में प्रदेश के गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम ने घोषणा की है कि स्पा सेंटर के लिए अगले चार महीने में नई नियमावली बनाई जाएगी। सदन में भाजपा विधायक अमित गोरखे ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के जरिए पुणे के विमान नगर के स्पा सेंटर के खिलाफ कार्रवाई का मुद्दा उठाया था। इसके जवाब में कदम ने कहा कि अभी दुकान और अस्थापना अधिनियम के तहत स्पा सेंटर शुरू करने की मंजूरी दी जाती है। लेकिन नए नियमों के अनुसार गृह विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों से भी मंजूरी आवश्यक होगी। स्पा सेंटर के नियमों को सख्त बनाने के लिए राज्य के गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव की अध्यक्षता में समिति गठित की गई थी। यह समिति जल्द ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रिपोर्ट सौंपेगी। कदम ने कहा कि पुणे के विमान नगर के स्पा सेंटर में थाईलैंड की महिला मिली थी। इसलिए स्पा सेंटर में महिलाओं को बुलाने वालों के खिलाफ भी अब कार्रवाई की जाएगी।
Created On :   18 March 2026 9:13 PM IST









