- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- अजित पवार हवाई दुर्घटना को लेकर सदन...
विधानसभा: अजित पवार हवाई दुर्घटना को लेकर सदन में चर्चा न होने से राकांपा विधायक नाराज

Mumbai News. पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार से जुड़ी हवाई दुर्घटना को लेकर विधानसभा में चर्चा न होने पर राकांपा के दोनों गुटों के विधायकों ने नाराजगी जताई है। इसको लेकर बुधवार को विधानसभा में हंगामा भी हुआ। विपक्ष ने सरकार पर इस मामले को दबाने का आरोप लगाया। राकांपा (अजित) के विधायक अमोल मिटकरी ने विधानभवन परिसर में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि बारामती हवाई दुर्घटना को लेकर हमनें अल्पकालिक चर्चा की मांग की थी, लेकिन हमारी मांग नहीं मानी गई। कानून-व्यवस्था के लिहाज से यह बहुत गंभीर मामला है और इस पर अलग से चर्चा होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि दो बार आवेदन देने के बाद भी अगर इस हवाई दुर्घटना की सीबीआय जांच नहीं हो रही है, तो यह बहुत गंभीर बात है। आखिर डीजीसीए को कौन बचा रहा है, इस पर सदन में चर्चा जरूरी है। अगर सत्र में चर्चा नहीं हुई तो महाराष्ट्र में आंदोलन होगा। मिटकरी ने आरोप लगाया कि इस मामले के पीछे कोई "अदृश्य ताकत' काम कर रही है। सरकार को इस मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए।
यह भी पढ़े -मनरेगा भुगतान पर बवाल, जय श्रीराम टिप्पणी से बढ़ा विवाद, फरांदे और भास्कर जाधव आए आमने-सामने
राकांपा (शरद) के विधायक रोहित पवार ने भी सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि मैंने स्थगन प्रस्ताव के जरिए इस मुद्दे पर बोलने की कोशिश की, लेकिन मुझे एक मिनट भी बोलने नहीं दिया गया। रोहित ने कहा कि 293 के प्रस्ताव में अजित पवार के हादसे का जिक्र है, फिर भी इस पर चर्चा नहीं हो रही। इससे साफ है कि सरकार इस मुद्दे पर बात नहीं करना चाहती। ऐसा लगता है कि सत्ताधारी पक्ष का ही कोई व्यक्ति इस हादसे में शामिल है। रोहित पवार ने कहा कि कई विधायक इस मुद्दे पर बोलना चाहते हैं, लेकिन उन्हें मौका नहीं दिया जा रहा। सीबीआय जांच के लिए ज्ञापन दिया गया है, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई।
Created On :   18 March 2026 10:01 PM IST









