विधानसभा: मनरेगा भुगतान पर बवाल, जय श्रीराम टिप्पणी से बढ़ा विवाद, फरांदे और भास्कर जाधव आए आमने-सामने

मनरेगा भुगतान पर बवाल, जय श्रीराम टिप्पणी से बढ़ा विवाद, फरांदे और भास्कर जाधव आए आमने-सामने
  • नार्वेकर ने फरांदे को लगाई फटकार
  • देवयानी फरांदे और भास्कर जाधव आए आमने-सामने

Mumbai News. विधानसभा में बुधवार को प्रश्नकाल के दौरान मनरेगा मजदूरों के बकाया भुगतान के मुद्दे पर जोरदार हंगामा देखने को मिला। शिवसेना (उद्धव) विधायक भास्कर जाधव और भाजपा विधायक देवयानी फरांदे के बीच तीखी नोकझोंक ने सदन का माहौल गरमा दिया। दरअसल, भास्कर जाधव मनरेगा मजदूरों के कई सालों से लंबित वेतन का मुद्दा उठा रहे थे। उन्होंने सरकार पर सवाल उठाते हुए पूछा कि मजदूरों का भुगतान 3-4 साल तक क्यों रोका जा रहा है। इसी दौरान उन्होंने जी राम जी का जिक्र करते हुए तंज कस दिया, कि क्या आपने लोगों का जय श्रीराम करने का ठेका लिया है? इस टिप्पणी पर सत्ता पक्ष की देवयानी फरांदे नाराज हो गईं। वे अपनी सीट छोड़कर आगे आकर बैठ गईं और जाधव से “जय श्रीराम” बोलने की मांग करने लगीं। स्थिति को बिगड़ता देख विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने हस्तक्षेप किया और फरांदे को कड़ी फटकार लगाई।

क्या है मामला?

सदन में भास्कर जाधव मनरेगा स्कीम के तहत मजदूरों की बकाया मजदूरी को लेकर सरकार को घेर रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि मजदूरों का पैसा चार साल से क्यों रोक रखा है। इसी दौरान उन्होंने 'जीरामजी' सरकारी आदेश शब्द का जिक्र किया और कहा कि क्या आपने लोगों से जय श्री राम के नारे लगवाने का ठेका लिया है। इसी को लेकर देवयानी फरांदे नाराज हो गईं और आगे की बेंच पर आकर भास्कर जाधव से जय श्री राम कहने पर जोर देने लगीं। उन्होंने बार-बार जाधव के भाषण में दखल देने की कोशिश की। फरांदे आगे की लाइन में आकर बैठ हैं। इस बीच अध्यक्ष नार्वेकर ने उन्हें फटकार लगाते हुए कहा कि आप अपनी सीट पर बैठो। आप पहली लाइन में आकर बैठ गईं, इसका मतलब यह नहीं है कि आपको पहली लाइन का हक है। जाओ और अपनी सीट पर बैठो।

भास्कर और फरांदे के बीच हुए टकराव के चलते 5 मिनट तक सदन का माहौल गर्मा गया। भाषण के दौरान फरांदे द्वारा लगातार टोकने पर जाधव ने भी पलटवार करते हुए कहा कि आप इतनी बड़ी विद्वान हैं कि उसे समझने की मेरी क्षमता नहीं है। हंगामा बढ़ता देख विपक्ष ने सरकार पर जवाब न देने का आरोप लगाते हुए सदन से वॉकआउट कर दिया। विवाद के बाद संबंधित मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि केंद्र से फंड मिल चुका है और एक महीने के भीतर सभी मजदूरों के बकाया भुगतान कर दिया जाएगा।

Created On :   18 March 2026 9:30 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story