- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- देवेंद्र फडणवीस ने कहा - तीन साल...
Mumbai News: देवेंद्र फडणवीस ने कहा - तीन साल में प्रोजेक्ट पूरे करें, वर्षों तक न लटकाएं

- मुख्यमंत्री ने वॉर रूम में 30 प्रमुख परियोजनाओं की समीक्षा की
- तीन साल में प्रोजेक्ट पूरे करने के निर्देश
Mumbai News. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रालय में मुख्यमंत्री वॉर रूम की बैठक में राज्य की 30 महत्वपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। बैठक में फडणवीस ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी परियोजना वर्षों तक लंबित नहीं रहनी चाहिए। सभी परियोजनाओं को अधिकतम तीन वर्षों के भीतर पूरा किया जाना चाहिए, प्रोजेक्ट को वर्षों तक न लटकाया जाए। इस बैठक में दोनों उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और अजित पवार को भी शामिल होना था, लेकिन वह निजी कारणों के चलते बैठक में शामिल नहीं हुए। फडणवीस ने बैठक के बाद कहा कि बहुत जल्द वर्ली बीडीडी चॉल के निवासियों को घरों की चाबी दी जाएगी।
बैठक में अधिकारियों को दिए ये निर्देश
- मेट्रो परियोजनाओं के अंतिम स्टेशनों के पास आवासीय परियोजनाएं विकसित की जाएं।
- वॉर रूम में लिए गए निर्णयों का जल्द कार्यान्वयन सुनिश्चित किया जाए।
- सभी परियोजनाओं की स्थिति केवल मुख्यमंत्री डैशबोर्ड पर दी जाए, अलग डैशबोर्ड की आवश्यकता नहीं।
- परियोजनाओं में आने वाली बाधाओं को अगली वॉर रूम बैठक से पहले सुलझा लिया जाए।
- किसी भी निर्णय में अड़चन हो तो उसे मंत्रिमंडल बैठक में प्रस्तावित कर समाधान किया जाए।
बीडीडी चॉल पुनर्विकास योजना को गति
मुख्यमंत्री फडणवीस ने बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वर्ली की बीडीडी चॉल के निवासियों को जल्द ही फ्लैटों का वितरण शुरू किया जाएगा। नायगांव और एन. एम. जोशी मार्ग चॉल के निवासियों को भी निर्धारित समय सीमा में फ्लैटों का वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके अलावा धारावी पुनर्वसन प्रोजेक्ट में भी तेजी लाने के आदेश मुख्यमंत्री ने दिए।
इन परियोजनाओं की हुई समीक्षा
- मुंबई मेट्रो लाइन 2 बी, 4, 5, 6, 7 ए, 9
- ऑरेंज गेट-मरीन ड्राइव टनल
- बोरिवली-ठाणे टनल, उत्तन-विरार सी लिंक
- शिवड़ी-वरली एलिवेटेड कॉरिडोर
- पुणे मेट्रो, पुणे रिंग रोड
- धारावी पुनर्विकास
- दहिसर-भायंदर लिंक रोड
- गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड
- विरा-अलिबाग मल्टीमॉडल कॉरिडोर
- जालना–नांदेड हाईवे
- बांद्रा–वर्सोवा सी लिंक
- छत्रपति संभाजीनगर जलापूर्ति परियोजना
- वधावन पोर्ट प्रोजेक्ट
Created On :   4 Aug 2025 9:40 PM IST