Mumbai News: गणेशोत्सव को महाराष्ट्र का राज्योत्सव घोषित किया गया, शेलार की विधानसभा में घोषणा

गणेशोत्सव को महाराष्ट्र का राज्योत्सव घोषित किया गया, शेलार की विधानसभा में घोषणा
  • सांस्कृतिक मंत्री आशीष शेलार ने विधानसभा में की घोषणा
  • गणेशोत्सव को महाराष्ट्र का ‘राज्योत्सव’ घोषित किया गया

Mumbai News. महाराष्ट्र की सदियों पुरानी सार्वजनिक गणेशोत्सव की परंपरा को अब राज्योत्सव का दर्जा मिल गया है। यह घोषणा राज्य के सांस्कृतिक कार्य मंत्री आशीष शेलार ने गुरूवार को विधानसभा में की। अपने संबोधन में शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र में सार्वजनिक गणेशोत्सव की शुरुआत लोकमान्य तिलक ने 1893 में की थी। यह उत्सव सामाजिक एकता, राष्ट्रवाद, स्वतंत्रता की भावना, स्वाभिमान और भाषाई गर्व का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज भी यह गौरवशाली परंपरा कायम है। गणेशोत्सव केवल एक पर्व नहीं, बल्कि महाराष्ट्र की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक है। इसलिए इसे महाराष्ट्र का राज्योत्सव घोषित किया गया है।

मंत्री शेलार ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार इस परंपरा को संरक्षित करने, बढ़ावा देने और उत्सव के रूप में मनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है। कुछ लोगों ने अदालतों में याचिकाएं दाखिल कर इस परंपरा को बाधित करने का प्रयास किया था, लेकिन मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री अजित पवार के नेतृत्व में महायुति सरकार ने सभी अड़चनों को दूर कर यह सुनिश्चित किया कि यह उत्सव निर्विघ्न मनाया जा सके। उन्होंने महाआघाडी पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सरकार में केंद्रीय प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के दिशानिर्देशों का हवाला देकर पारंपरिक पीओपी (प्लास्टर ऑफ पेरिस) मूर्तियों पर रोक लगा दी थी, लेकिन व्यवहारिक विकल्प प्रदान नहीं किए गए थे।

हमारी सरकार ने इस मुद्दे पर संतुलित दृष्टिकोण अपनाते हुए पर्यावरण के अनुकूल विकल्पों की तलाश और पीओपी के प्रभावों का अध्ययन करने के लिए राजीव गांधी विज्ञान आयोग के माध्यम से काकोडकर समिति की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कराई। इसके बाद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने इन निष्कर्षों को मंजूरी दी और पहले लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए गए। अदालत के फैसले के अनुसार अब पीओपी मूर्तियों का निर्माण, प्रदर्शन और बिक्री वैध होगी।

शेलार ने सभी गणपति मंडलों से अपील की है कि इस वर्ष वे अपनी झांकियों और सजावट के माध्यम से सशस्त्र बलों को श्रद्धांजलि, सामाजिक पहल, ऑपरेशन सिंदूर, राष्ट्रीय विकास कार्यों और महान नेताओं को समर्पित विषयों को शामिल करें। गणेशोत्सव सामाजिक चेतना, पर्यावरणीय जिम्मेदारी और उल्लास का संगम होना चाहिए। इसलिए हमने इस बार गणेशोत्सव को महाराष्ट्र का राज्योत्सव घोषित करने का फैसला किया है

Created On :   10 July 2025 9:18 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story