Mumbai News: गेट ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी पर तैनात होंगे पर्यटक सुरक्षा बल

गेट ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी पर तैनात होंगे पर्यटक सुरक्षा बल
महाराष्ट्र पूर्व सैनिक महामंडल से ली जाएगी सेवा

Mumbai News राज्य के पर्यटन विभाग की ओर से दक्षिण मुंबई के गेट ऑफ इंडिया, गिरगांव चौपाटी और अन्य सैलानी स्थलों पर अगले दो महीने में पर्यटक सुरक्षा बल (पर्यटन मित्र) तैनात किए जाएंगे। प्रदेश के पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने ‘दैनिक भास्कर' से बातचीत में यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि राज्य सरकार की पर्यटन नीति-2024 में पर्यटक सुरक्षा बल तैनात करने के बिंदु को शामिल किया गया है। इसी के तहत गेट ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी पर पायलट प्रोजेक्ट के रूप में पर्यटक सुरक्षा बल नियुक्त किया जाएगा। पर्यटक सुरक्षा बल के लिए महाराष्ट्र पूर्व सैनिक महामंडल (मेस्को) से सेवाएं ली जाएगी।

गेट ऑफ इंडिया और गिरगांव चौपाटी पर पर्यटक सुरक्षा बल में पुरुष और महिला दोनों सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति प्रस्तावित की गई है। महाराष्ट्र पूर्व सैनिक महामंडल से चर्चा के बाद सुरक्षा कर्मियों की संख्या तय की जाएगी। पर्यटक सुरक्षा बल के लिए ड्रेस कोड भी लागू होगा। इनकी आठ घंटे की ड्यूटी होगी। मेस्को के सुरक्षा कर्मियों को मानधन पर्यटन विभाग की ओर से मानधन उपलब्ध कराया जाएगा। अधिकारी ने कहा कि गेट ऑफ इंडिया पर पर्यटन विभाग का एक शेड उपलब्ध है। जहां पर पर्यटक सुरक्षा बल रह सकेंगे। अधिकारी ने कहा कि मुंबई में प्रतिसाद मिलने के बाद राज्य के प्रमुख पर्यटक स्थलों पर पर्यटक सुरक्षा बल के तैनाती का फैसला लिया जाएगा।

पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे : अधिकारी ने कहा कि पर्यटक सुरक्षा बल महिला और अन्य पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। साथ ही पर्यटकों को संबंधित पर्यटन स्थल, संस्कृति, इतिहास और रीतिरिवाज के बारे में जानकारी और सहयोग प्रदान करेंगे। पर्यटन स्थलों के स्वच्छता रखने, कचरा और प्लास्टिक का इस्तेमाल नहीं करने को लेकर जागरूकता पैदा करेंगे।

सातारा के पंचगनी में नियुक्ति : अधिकारी ने बताया कि सातारा के महाबलेश्वर में महोत्सव के दौरान पर्यटक सुरक्षा बल नियुक्त किए गए थे। जिसमें 25 सुरक्षा कर्मियों का समावेश है। इसके अलावा सातारा के पंचगनी में भी पर्यटक सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।

राज्य में 7500 युवाओं को आतिथ्य प्रशिक्षण : प्रदेश में पर्यटन स्थलों पर स्थानीय पर्यटन क्षेत्र से संबंधित आतिथ्य और मार्गदर्शन के लिए नमो पर्यटन कौशल प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू होगा। इस कार्यक्रम के तहत राज्य भर में 7500 स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। राज्य के पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि युवाओं प्रशिक्षण देने के लिए पर्यटन विभाग और कौशल्य विकास विभाग के बीच एक सामंजस्य करार होगा। प्रशिक्षण के लिए युवाओं को कौशल्य विकास विभाग की ओर से चिन्हित किया जाएगा। मध्यप्रदेश के ग्वालियर में स्थित भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान के माध्यम से प्रशिक्षण कार्यक्रम लागू किया जाएगा। प्रदेश के पर्यटन निदेशालय के अधीन सोलापुर के श्री स्वामी समर्थ महाराष्ट्र इन्स्टिट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट एण्ड कैटरिंग टेक्नोलॉजी संस्थान के जरिए युवाओं को प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षणार्थियों को पर्यटन निदेशालय की ओर से प्रमाणपत्र और पहचान पत्र दिया जाएगा।

Created On :   27 Sept 2025 7:34 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story