- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा...
Mumbai News: पेट्रोलियम मंत्री हरदीप पुरी ने कहा - रूस से तेल खरीदने पर कोई प्रतिबंध नहीं

- इथेनॉल से खराब नहीं होते वाहन
- रूस से तेल खरीदने पर कोई प्रतिबंध नहीं
Mumbai News. केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि रूस से कच्चे तेल की खरीद पर कोई प्रतिबंध नहीं है और आपूर्ति बाधित होने पर दुनिया को गंभीर परिणाम भुगतने पड़ सकते हैं। ईरान और वेनेजुएला का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय समुदाय के एक जिम्मेदार सदस्य के रूप में हमेशा पाबंदियों का अनुपालन किया है। उन्होंने कहा कि कोई कहां से कोई सामान खरीदे यह हम तय नहीं कर सकते। शुक्रवार को महानगर के एक पांच सितारा होटल में चुनिंदा पत्रकारों से चर्चा के दौरान उन्होंने यह बात कही। रुस से कच्चा तेल खरीदने के चलते अमेरिका द्वारा लगाए गए 50 फीसदी टैरिफ के संदर्भ में उनसे यह सवाल किया गया था। पुरी ने कहा कि रूस हर दिन करीब एक करोड़ बैरल के साथ विश्व स्तर पर कच्चे तेल का दूसरा सबसे बड़ा आपूर्तिकर्ता बना हुआ है। उन्होंने आगाह किया कि यदि आपूर्ति बाधित होती है तो विश्व को गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि ऊर्जा एक ऐसी चीज है जिसके बिना आप नहीं रह सकते। अगर आप दूसरे सबसे बड़े उत्पादक को हटा देंगे तो आपको खपत में कटौती करनी होगी। राजनयिक से राजनेता बने पुरी ने कहा कि यही कारण है कि दुनिया रूसी तेल पर प्रतिबंध नहीं लगा रही है। पुरी ने कहा कि रूस से तेल खरीद की मूल्य सीमाएं तय की गई हैं और जब भी ऐसी कोई बात होती है तो वह भारतीय कंपनियों से कम कीमतों पर तेल खरीदने का अनुरोध करते हैं। उन्होंने कहा कि तुर्किये, जापान और यूरोपीय संघ सहित कई देश रूस से तेल खरीदते हैं। उन्हें उम्मीद है कि आगे भी कच्चे तेल का मूल्य 65-68 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल के बीच बना रहेगा। पुरी ने कहा कि सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियां स्वतंत्र रूप से यह निर्णय लेती हैं कि वे रिफाइनिंग के लिए किस स्रोत से कच्चा तेल खरीदेंगी। उन्होंने कहा कि इन कंपनियों के पास पेशेवर प्रबंधन और निदेशक मंडल भी हैं।
इथेनॉल से खराब नहीं होते वाहन
एक सवाल के जवाब में केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि यह गलत धारणा है कि इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल से वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं। पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इस तरह के पेट्रोल को ई-20 कहते हैं। यह वाहनों के इंजन के लिए किसी भी तरह नुकसानदायक नहीं हैं। पुरी ने कहा कि इस संबंध में हमारी वाहन निर्माता कंपनियों से भी बात हुई है। वाहनों के बीमाकर्ता भी यह नहीं मान रहे कि इथेनॉल वाले पेट्रोल से वाहनों के इंजन खराब हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह महज अफवाह है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाया जा रहा है। इसे बढ़ाए जाने की बातें पूरी तरह निराधार है। यह पूछे जाने पर कि पेट्रोल में 20 प्रतिशत इथेनॉल मिलाए जाने के बाद भी पेट्रोल की कीमतें क्यों नहीं कम हो रही हैंॽ पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि इथेनॉल पेट्रोल से महंगा पड़ता है। इस लिए पेट्रोल में इथेनॉल मिलाने पर पेट्रोल की कीमत बढ़ानी चाहिए थी। वह तो हमने इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल की कीमतें बढ़ने नहीं दिया है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल से देश के किसानों को लाखों करोड़ रुपए का लाभ हुआ है।
Created On :   26 Sept 2025 9:25 PM IST