- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- दशहरे पर कोकण वासियों को मिलेगा...
Mumbai News: दशहरे पर कोकण वासियों को मिलेगा बड़ा तोहफा, वाटर टैक्सी सेवा 2 अक्टूबर से होगी शुरू

- मुंबई-कोकण वाटर टैक्सी सेवा 2 अक्टूबर से होगी शुरू
- मझगांव डॉक से रत्नागिरी-सिंधुदुर्ग के लिए शुरू होगी सेवा
- मुंबई-कोकण यात्रा अब होगी आसान और तेज
Mumbai News. दशहरे के मौके पर कोकण वासियों और पर्यटकों के लिए एक बड़ी खुशखबरी मिलने जा रही है। पिछले काफी समय से बहुप्रतीक्षित मुंबई से कोकण वाटर टैक्सी (रो-रो) सेवा की अब शुरुआत होने जा रही है। राज्य के बंदरगाह विभाग के एक अधिकारी के अनुसार दशहरे के मौके पर मुंबई के मझगांव डॉक से मालवण तक वाटर टैक्सी शुरू होने जा रही है। जिसकी सभी तैयारियां लगभग पूरी हो गई हैं। वैसे इस सेवा की शुरुआत गणेश उत्सव के दौरान होनी थी लेकिन कुछ तकनीकी पहलुओं के चलते संभव नहीं हो सका था। सड़क मार्ग से मुंबई से मालवण जाने में 10 से 12 घंटे का समय लगता है, लेकिन वाटर टैक्सी से यात्रा का समय घटकर करीब 5 घंटे तक रह जाएगा।
मुंबई-कोकण यात्रा अब होगी आसान और तेज
राज्य के बंदरगाह विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि मुंबई के भाऊचा धक्का से यह वाटर टैक्सी सेवा शुरू होकर रत्नागिरी जिले के जयगढ़ और सिंधुदुर्ग जिले के विजयदुर्ग तक जाएगी। पारंपरिक सड़क मार्ग से जहां यह यात्रा 10 से 12 घंटे में होती है, वहीं वाटर टैक्सी के जरिए यह दूरी अब सिर्फ 3 से साढ़े पांच घंटे में पूरी की जा सकेगी। इस सेवा की एक खास बात यह है कि यात्री अपनी कार, दोपहिया वाहन और साइकिल भी साथ ले जा सकेंगे। एक बार में 650 से अधिक यात्री इस वाटर टैक्सी में सफर कर सकेंगे। यह सेवा अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगी, जिससे यात्रा तेज और आरामदायक भी होगी। इस परियोजना को शुरू करने में कई बाधाएं आई थीं। हालांकि केंद्र व राज्य सरकार की मंजूरी, मानसून के मौसम में समुद्री यात्रा की चुनौतियां भी थीं लेकिन अब समस्याओं का समाधान कर लिया गया है।
पर्यटन और अर्थव्यवस्था को मिलेगा बढ़ावा
मुंबई-गोवा महामार्ग पर अक्सर भारी ट्रैफिक के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। वाटर टैक्सी सेवा इस समस्या का स्थायी समाधान बन सकती है। यह सेवा कोकण क्षेत्र के पर्यटन को बढ़ावा देगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करेगी। इससे बड़े पैमाने पर रोजगार भी पैदा होंगे।
पसेंजर का किराया
- इकोनॉमी क्लास - 2,500 रुपए
- प्रीमियम इकोनॉमी - 4,000 रुपए
- बिजनेस क्लास - 7,500 रुपए
- फर्स्ट क्लास - 9,000 रुपए
वाहनों का किराया
- कार का किराया: 6,000 रुपए
- दोपहिया वाहन (बाइक) का किराया - 1,000 रुपए
- साइकिल - 600 रुपए
Created On :   26 Sept 2025 9:33 PM IST