Mumbai News: अगले कुछ दिनों में हो सकता है राहुल गांधी का महाराष्ट्र दौरा, बाढ़ से राज्य के बिगड़े हालात का लेंगे जायजा

अगले कुछ दिनों में हो सकता है राहुल गांधी का महाराष्ट्र दौरा, बाढ़ से राज्य के बिगड़े हालात का लेंगे जायजा
  • बाढ़ से राज्य के बिगड़े हालातों की जानकारी हर्षवर्धन सपकाल ने राहुल गांधी को दी
  • हो सकता है राहुल गांधी का महाराष्ट्र दौरा

Mumbai News. महाराष्ट्र के मराठवाड़ा समेत कई जिलों में बाढ़ के बाद पैदा हुए हालात सुधर नहीं रहे हैं। लगातार हो रही बारिश ने किसानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है। इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल भी राज्य का दौरा कर रहे हैं। इस बीच सपकाल ने राज्य में बाढ़ से पैदा हुए हालातों की जानकारी कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को दी है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि अगले सप्ताह राहुल महाराष्ट्र का दौरा कर सकते हैं। उधर बुलढाणा के दौरे पर पहुंचे सपकाल ने कहा कि किसान संकट में है लेकिन भाजपा गठबंधन की सरकार सिर्फ घोषणाबाजी कर रही है। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री किसानों के खेतों पर जाकर फोटो खींचकर लौट आए, लेकिन मदद की घोषणा नहीं की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस दिल्ली गए हैं। हमारी मांग है कि फडणवीस दिल्ली से किसानों के लिए ठोस पैकेज लेकर ही लौटें, अन्यथा वहीं रुके रहें।

सपकाल ने शुक्रवार को बुलढाणा जिले के कई गांवों का दौरा किया। उन्होंने कहा कि इस अतिवृष्टि और बाढ़ से किसानों को भारी नुकसान हुआ है। घर से लेकर फसलें और खेत सभी बर्बाद हो गए हैं। हम सरकार से किसानों की कर्जमाफी की मांग कर रहे हैं लेकिन सरकार मदद के बजाय सिर्फ आश्वासन दे रही है। सपकाल ने कहा कि उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस आलाकमान और राहुल गांधी से राज्य के हालातों के बारे में चर्चा की है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि राहुल अगले सप्ताह राज्य का दौरा कर सकते हैं।

मुख्यमंत्री फडणवीस पर निशाना साधते हुए सपकाल ने कहा कि किसी न किसी से विवादित बयान दिलवाकर वे असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करते रहते हैं। अब भिड़े गुरुजी का विवादित बयान भी किसानों के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास हो सकता है। उन्होंने कहा कि भले ही भाजपा राज्य के असली मुद्दों से ध्यान भटकाने की कोशिश करे, हम राज्य के अन्नदाता को न्याय दिलाकर मानेंगे।

Created On :   26 Sept 2025 9:38 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story