- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मराठवाड़ा में पिछले वर्ष बाढ़ में...
फंड का अभाव: मराठवाड़ा में पिछले वर्ष बाढ़ में तबाह हुए 118 स्कूलों को अब तक शुरू नहीं कर सकी सरकार

Mumbai News. मराठवाड़ा में सितंबर 2025 में हुई भारी बारिश और बाढ़ के कारण तबाह हुए स्कूलों को राज्य सरकार अभी तक शुरू नहीं कर पाई है। छत्रपति संभाजीनगर के विधायक प्रदीप जायसवाल ने कुछ दिनों पहले इसको लेकर स्कूली शिक्षा मंत्री दादाजी भुसे से मुलाकात की थी। भुसे ने यह माना है कि बाढ़ के चलते मराठवाड़ा के कई जिलों में 118 स्कूलों में से सिर्फ 3 स्कूलों को ही निधि आवंटित हो पाई है। जबकि 115 स्कूल फंड का अभाव झेल रहे हैं। जिससे करीब साढ़े सात हजार छात्र-छात्राएं प्रभावित हुए हैं।
मंत्री भुसे ने कहा कि मराठवाड़ा के कन्नड़, सिल्लोड, गंगापुर और फुलंब्री तहसीलों में बाढ़ एवं भारी बारिश से कुल 118 स्कूल प्रभावित हुए थे। उन्होंने कहा कि प्रभावित 118 स्कूलों में से 3 स्कूलों की मरम्मत के लिए जिला वार्षिक योजना से फंड उपलब्ध करा दिया गया है। वहीं शेष 115 स्कूलों की मरम्मत, पुनर्निर्माण और सुरक्षा के लिए करीब 3.46 करोड़ रुपये की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सरकार ने इन स्कूलों के पुनर्विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से संसाधन जुटाने के निर्देश दिए हैं। इनमें जिला नियोजन समिति, मनरेगा, सेस फंड, खेल विभाग, स्थानीय विकास निधि, सीएसआर, समाज कल्याण, आदिवासी विकास और जल जीवन मिशन जैसी योजनाएं शामिल हैं।
सरकार ने जारी किए निर्देश
भुसे ने बताया कि 16 अप्रैल 2025 को जारी सरकारी परिपत्र के अनुसार जिला परिषद और स्थानीय स्वराज्य संस्थाओं को निर्देश दिए गए हैं कि वे स्थानीय जरूरतों के अनुसार स्कूलों में आवश्यक बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए इन योजनाओं का उपयोग करें। इस बीच स्थानीय विधायकों ने मांग की है कि प्रभावित स्कूलों की मरम्मत के लिए जल्द से जल्द पर्याप्त निधि उपलब्ध कराई जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। फिलहाल प्रभावित छात्रों को आस पास के दूसरे स्कूलों में शिफ्ट किया गया है।
Created On :   29 March 2026 9:30 PM IST





