होगी कार्रवाई: सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलेगा मेडिसिन बॉक्स, बाहर से दवाई खरीदने की समस्या पर लगेगी लगाम

सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलेगा मेडिसिन बॉक्स, बाहर से दवाई खरीदने की समस्या पर लगेगी लगाम
  • अब बाहर से दवाई मंगाई तो होगी कार्रवाई
  • सरकारी अस्पतालों में मरीजों को मिलेगा मेडिसिन बॉक्स

Mumbai News. राज्य के सरकारी अस्पतालों में दवाओं और आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की कमी को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। हालात ये है कि कई मरीजों को इलाज के लिए बाहर से महंगी दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं, जिससे गरीब और जरूरतमंद वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। अब इस समस्या से निपटने के लिए राज्य के चिकित्सा शिक्षा विभाग ने मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने के बाद ही एक मेडिसिन बॉक्स देने का फैसला किया है। जिसमें उसके इलाज के लिए आवश्यक सभी दवाइयां उपलब्ध होंगी।

सरकारी अस्पतालों में दवा आपूर्ति में अनियमितता और स्टॉक की कमी को गंभीरता से लेते हुए राज्य के चिकित्सा शिक्षा मंत्री हसन मुश्रीफ ने अस्पताल प्रशासन से जवाब तलब किया है। इसके साथ ही उन्होंने एक नई पहल की है। जिसमें मरीजों को अस्पताल में भर्ती होने के बाद इलाज के लिए आवश्यक दवाइयों से भरा मेडिसिन बॉक्स दिया जाएगा। इससे यह फायदा होगा कि अगर संबंधित दवाइयों का स्टॉक खत्म हो जाता है तो भी इसका असर मरीजों पर नहीं पड़ेगा क्योंकि उक्त दवाइयां मरीजों को उपलब्ध कराए गए मेडिसिन बॉक्स में होंगी। स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि पहले ऐसा होता था कि भर्ती मरीजों को दवाई नर्स के मार्फत दी जाती थीं क्योंकि दवाई स्टोर रूम से सीधे नर्स के पास आती थीं और नर्स मरीज को दवाई डोज के समय ही देती थी लेकिन नई पहल से दवाई नर्स के बजाए सीधे मरीज के पास उपलब्ध रहेंगी। मेडिसिन बॉक्स में दवाई के अलावा इंजेक्शन, हैंड ग्लोव्स, आइवी सेट आदि सामग्री भी उपलब्ध होगी।

अब बाहर से दवाई मंगाई तो होगी कार्रवाई

वरिष्ठ अधिकारी ने यह भी बताया कि मंत्री मुश्रीफ ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह चेतावनी दी है कि अगर किसी मरीज से अस्पताल से दवाई बाहर से मंगाई जाने की शिकायत आती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Created On :   29 March 2026 9:54 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story