- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- मंत्री लोढ़ा द्वारा जैन मंदिरों को...
निशाना: मंत्री लोढ़ा द्वारा जैन मंदिरों को सिलेंडर देने के लिखे पत्र का विरोध शुरू, सपकाल ने पूछा एक समाज के हैं या पूरे राज्य के

Mumbai News. राज्य सरकार में मंत्री मंगलप्रभात लोढ़ा द्वारा जारी एक पत्र को लेकर राज्य की राजनीति गरमा गई है। पत्र में जैन समुदाय के मंदिरों को एक धार्मिक अनुष्ठान के दौरान गैस सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जानकारी मांगी गई है, जिसके बाद विपक्ष ने लोढ़ा पर समाज विशेष के पक्ष में काम करने का आरोप लगाया है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि राज्य में आम जनता एलपीजी गैस के लिए परेशान है, महंगाई चरम पर है, लेकिन मंत्री को केवल जैन समाज की चिंता दिखाई दे रही है। सपकाल ने सवाल उठाया कि क्या मंत्री पूरे राज्य के 14 करोड़ लोगों के प्रतिनिधि हैं या सिर्फ एक समाज के।
लोढ़ा ने पत्र में ये लिखा
जैन संघ को पत्र में लोढ़ा ने लिखा है कि मुझे कई मंदिरों से जानकरी मिली है कि ओली (धार्मिक कार्यक्रम) के दौरान गैस की समस्या उत्पन्न हो सकती है। इसलिए मुझे इस बारे में पहले ही अवगत करा दिया जाए ताकि समय पर आगे की कार्रवाई की जा सके।
मंत्री लोढ़ा के पत्र के बाद सपकाल ने आरोप लगाया कि यह कदम सरकार की प्राथमिकताओं पर सवाल खड़ा करता है। उनका कहना है कि जब आम लोग गैस सिलेंडर के दाम और उपलब्धता को लेकर जूझ रहे हैं, तब किसी एक समुदाय के लिए विशेष व्यवस्था की बात करना अनुचित है। हालांकि मंत्री लोढ़ा की ओर से अभी तक इस विवाद पर विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। माना जा रहा है कि यह पत्र धार्मिक आयोजन के दौरान अस्थायी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया होगा, लेकिन विपक्ष इसे राजनीतिक मुद्दा बनाने में जुट गया है।
Created On :   29 March 2026 9:48 PM IST





