Mumbai News: स्वास्थ्य जांच अनिवार्य, 427 पुलिस कर्मियों की मौत, 25 पुलिस ने की आत्महत्या

स्वास्थ्य जांच अनिवार्य, 427 पुलिस कर्मियों की मौत, 25 पुलिस ने की आत्महत्या
  • कर्मी बता सकेंगे समस्या
  • 427 पुलिस कर्मियों की मौत

Mumbai News. मुंबई पुलिस दल में साल 2022 से जून 2025 के बीच 427 अफसरों और कर्मियों की मौत हुई हैं। जिसमें से 25 पुलिस कर्मियों ने आत्महत्या की है। विधान परिषद में प्रदेश के गृह राज्य मंत्री (शहरी) योगेश कदम ने यह जानकारी दी। बुधवार को प्रश्नकाल में शिवसेना (उद्धव) के सदस्य सुनील शिंदे ने इस संबंध में सवाल पूछा था। इसके जवाब में कदम ने बताया कि कार्डियक अरेस्ट से 75, हार्ट अटैक से 57 और कैंसर से 6 सहित विभिन्न कारणों से पुलिस कर्मियों की मृत्यु हुई है। वहीं नशे की लत के कारण 3, अवसाद के चलते 1 और पारिवारिक समस्या व अन्य कारणों से पुलिस कर्मियों का आत्महत्या की है। कदम ने कहा कि पुलिस कर्मियों का चिन्हित बीमारियों का मुफ्त इलाज किया जाता है। इसके साथ ही पुलिस कर्मियों के लिए स्वास्थ्य शिविर आयोजित की जाती है।

पुलिस कर्मियों को स्वास्थ्य जांच अनिवार्य - मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि राज्य में 40 साल से अधिक आयु वर्ग वाले पुलिस कर्मियों को साल में एक बार स्वास्थ्य जांच अनिवार्य किया गया है। 50 साल से अधिक आयु वाले पुलिस कर्मियों की साल में दो बार स्वास्थ्य जांच करना बंधनकारक है।

उपलब्ध कराया जाएगा घर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस कर्मियों को मुंबई में घर उपलब्ध कराने के लिए एक विस्तृत प्रारूप तैयार किया गया है। चरणबद्ध तरीके से काम शुरू है। राज्य की नई गृहनिर्माण नीति के तहत पुलिस कर्मियों के लिए घर उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है। नायगांव में पुलिस कर्मियों को घर देने के लिए पुनर्विकास योजना लागू की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सहकारी सोसायटी बनाने वाले पुलिस कर्मियों को घर बनाने के लिए सरकार मदद करेगी। प्रश्नकाल के दौरान सदन में विपक्ष के नेता अंबादास दानवे ने कहा कि पुलिस कर्मियों को डीजी लोन के तहत कर्ज नहीं मिल रहा है। इसके जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि डीजी लोन के तहत 20 लाख रुपए कर्ज दिया जाता है। इसका ब्याज सरकार भरती है। ताकि पुलिस कर्मी घर खरीद सके। इसलिए डीजी लोन के तहत प्रलंबित आवेदनों को निपटारा किया जाएगा।

कर्मी बता सकेंगे समस्या

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक यूनिट कमांडर को मंगलवार अथवा शुक्रवार को पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुनने के लिए निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस समेत सभी विभागों में अनुकंपा के तहत नियुक्ति के प्रलंबित प्रस्तावों का तत्काल निपटारा किया जाएगा। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में पुलिस कर्मियों को 8 घंटे की ड्यूटी लागू है। केवल त्योहारों और बंदोबस्त के समय ड्यूटी के घंटे बढ़ जाते हैं।


Created On :   2 July 2025 9:23 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story