Mumbai News: महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, मुख्यमंत्री की हाईलेवल बैठक, विशेष सत्र बुलाने की मांग

महाराष्ट्र में मूसलाधार बारिश से हाहाकार, मुख्यमंत्री की हाईलेवल बैठक, विशेष सत्र बुलाने की मांग
  • छत्रपती संभाजीनगर विभाग के लगभग 800 गांव बारिश से प्रभावित हुए हैं
  • मुंबई में 8 घंटे में 170 मिमी बारिश, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं

Mumbai News. मुंबई समेत महाराष्ट्र में पिछले कई दिनों से हो रही मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। सोमवार को सड़कों पर भारी मात्रा में जलजमाव हो गया। मराठवाड़ा और विदर्भ क्षेत्र में भारी बारिश के कारण किसानों की फसलें बर्बाद हो गई हैं। जबकि कई जानवर पानी के तेज बहाव में बह गए हैं। इस बीच मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मंत्रालय स्थित राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष में राज्य के हालातों की स्थिति की समीक्षा की। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विभागीय आयुक्तों के साथ बैठक में फडणवीस ने बारिश के हालातों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने अगले कुछ दिनों तक अत्यधिक सतर्क रहने के निर्देश भी दिए। इस बीच राकांपा (शरद) प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने किसानों की फसलों का तुरंत पंचनामा कर 50 हजार रुपए प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की है। इसके साथ ही शिंदे ने राज्य के हालातों पर चर्चा करने के लिए विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।

मुख्यमंत्री फडणवीस सोमवार दोपहर मंत्रालय में राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष पहुंचे, जहां उन्होंने राज्य में हो रही भारी बारिश के कारण हुए नुकसान का जायजा लिया। फडणवीस ने राज्य के विभागीय आयुक्तों के साथ बैठक में सभी जरुरी उपाय उठाने के भी आदेश दिए। फडणवीस ने कहा कि पिछले दो दिनों में राज्य में विभिन्न घटनाओं में 7 लोगों की मृत्यु हुई है। कोकण क्षेत्र की कुछ नदियों ने खतरे का निशान पार कर लिया है, वहीं जलगांव में बड़ा नुकसान हुआ है। अलमट्टी बांध को लेकर कर्नाटक सरकार से निरंतर संपर्क में हैं। इसके साथ ही फडणवीस ने राज्यभर में किसानों की फसलों को हुए नुकसान का पंचनामे करने के भी आदेश दिए। अधिकारियों को आपात स्थिति में कदम उठाने के लिए उचित आदेश भी दिए गए हैं।

बारिश से कहां क्या है स्थिति

- छत्रपती संभाजीनगर विभाग के लगभग 800 गांव बारिश से प्रभावित हुए हैं।

- दक्षिण गडचिरोली में प्रशासन सतर्क है।

- अकोला, चांदूर रेल्वे, मेहकर और वाशिम में स्थिति धीरे-धीरे सामान्य हो रही है।

- विदर्भ क्षेत्र में प्रारंभिक अनुमान के अनुसार 2 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में फसलों को नुकसान पहुंचा है।

- मुंबई में 8 घंटे में 170 मिमी बारिश, प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने नागरिकों से की अपील

मुख्यमंत्री फडणवीस ने राज्य के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि मैसेज अलर्ट भेजते समय सटीक समय का उल्लेख करें। प्रशासन द्वारा जारी किए गए सभी अलर्ट को गंभीरता से लें। स्वयं की सुरक्षा और सावधानी अवश्य बरतें। जरूरी न हो तो घर से बाहर न निकलें।आपातकालीन स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क में रहें।

राज्य में हालात खराब, सरकार बुलाए विशेष सत्र- शशिकांत शिंदे

उधर राकांपा (शरद) प्रदेशाध्यक्ष शशिकांत शिंदे ने राज्य सरकार से मांग की है कि महाराष्ट्र में भारी बारिश से हालत बहुत खराब हो गए हैं। राज्य के मराठवाड़ा, विदर्भ और पश्चिम महाराष्ट्र के कई हिस्सों में भारी बारिश से किसान बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। किसानों की लाखों एकड़ फसल बर्बाद हो गई है। सरकार किसानों की फसलों का तुरंत पंचनामा कर 50 हजार रुपए प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दे। इसके साथ ही शिंदे ने राज्य के हालातों पर चर्चा करने के लिए विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।

Created On :   18 Aug 2025 10:47 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story