Mumbai News: होली में पसरा मातम, अलग-अलग जगहों पर डूबने से 13 लोगों की मौत

  • होली का रंग छुड़ाने के लिए नहाने गए थे
  • होली के दिन अलग-अलग घटनाओं में कई घायल भी
  • घायल लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे

Mumbai News मुंबई सहित विदर्भ के कुछ जगहों पर होली के दिन डूबने से 13 लोगों की मौत हो गई। उल्हास नदी में होली का रंग छुड़ाने के लिए नहाने गए चार किशोर डूब गए। यह हादसा शुक्रवार दोपहर दो बजे के आसपास का है। इसमें पोद्दार गृह संकुल के आर्यन मेदर (15), आर्यन सिंह (16), सिद्धार्थ सिंह (16) और ओमसिंह तोमर (15) की डूबने से मौत हो गई। इस घटना से इलाके में शोक की लहर है।

बदलापुर पूर्व के चामटोली गांव के पास उल्हास नदी में पोद्दार सोसायटी के सात से आठ किशोर वयीन लड़के नहाने के लिए गए थे। नहाते समय आर्यन मेदर गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए आर्यन सिंह, सिद्धार्थ सिंह और ओमसिंह तोमर ने पानी में छलांग लगाई, लेकिन नदी की गहराई का अंदाजा न होने के कारण चारों किशोर पानी में डूब गए। उनके साथ मौजूद दोस्तों ने शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की सूचना दी। इसके बाद दमकल विभाग को सूचित किया गया। दमकल कर्मियों ने चारों युवकों के शव नदी से बाहर निकाले। कुलगांव पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक गोविंद पाटील ने बताया कि इस मामले में आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज किया गया है।

मुंबई में 39 लोग हुए घायल : होली के दिन शहर के सायन, नायर, केईएम, कूपर और जेजे अस्पताल में 35 लोग इलाज के लिए आए हैं। इनमें से सिर्फ मनपा के 4 प्रमुख अस्पतालों में 29 मामले आए हैं। जबकि जेजे में 6 मामले और जीटी अस्पताल में 4 मामले सामने आए हैं। यह सभी मामले होली खेलने के दौरान गिरने, मारपीट और नशे में गिरने के हैं। इन 35 मामलों में से सिर्फ दो घायलों को ही इलाज के लिए सायन अस्पताल में भर्ती किया गया है जबकि बाकी लोगों को ओपीडी में इलाज करके घर भेज दिया गया।

मृतकों में एक परिवार के चार युवक : इसी तरह विदर्भ के कुछ क्षेत्रों में डूबने से मौत होने की घटना घटी। चंद्रपुर/वर्धा/यवतमाल/गड़चिरोली. जिलों में अलग-अलग जगह 14 और 15 मार्च को 9 लोगों की डूबने से मौत हो गई। मृतकों में एक परिवार के चार युवक शामिल हैं।

चंद्रपुर जिले के नागभीड़ तहसील में घोड़ाझरी प्रकल्प परिसर में घूमने गए पांच युवकों की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना शनिवार 15 मार्च की शाम हो हुई। घटना स्थल पर नागभीड़ पुलिस ने मछुआरों की मदद से तलाशी अभियान शुरू किया। सभी पांचों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। सभी की उम्र 18 से 22 की होने की जानकारी मिली है।

पांचों चिमूर तहसील के साटगांव कोलारी के हैं। मृतकों में जनक किशोर गावंडे, यश किशोर गावंडे, अनिकेत यशवंत गावंडे, तेजस बालाजी गावंडे और तेजस संजय ठाकरे हैं। इनमें से दो सगे भाई हैं और दो चचेरे भाई हैं। डूबने वाले चारों गावंडे परिवार के हैं। तो एक दोस्त भी इसमें शामिल है।

वहीं गड़चिरोली के देसाईगंज में शुक्रवार, 14 मार्च को रंग खेलकर शहर से सटी वैनगंगा नदी में नहाने गए 19 वर्षीय युवक की डूबने से मृत्यु हो गई। मृत युवक का नाम अथर्व हिवराज सहारे (19) है।

शुक्रवार की सुबह अथर्व और उसके मित्रों ने धूलिवंदन का त्योहार मनाया। रंग खेलने के बाद सभी मित्र शहर से सटी वैनगंगा नदी में नहाने के लिए गये। इस बीच अथर्व गहरे पानी में चला और उसे तैरना न आने के कारण वह डूबने लगा। साथी मित्रों ने अथर्व को बचाने का प्रयास किया। लेकिन वह पानी के बहाव में पूरी तरह डूब गया और उसकी मृत्यु हाे गयी।

वर्धा की आर्वी शहर के पावर हाउस परिसर स्थित नदी में रंग खेलने के बाद नहाने के लिए गए राजवीर तंवर (14) की डूबने से मौत हो गई।

यवतमाल जिले की कलंब तहसील के ग्राम खोरद परिसर में धूलिवंदन मनाने के बाद तालाब में नहाने गए दो मौसेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई तो उनके साथ के तीन युवकों को बचा लिया गया। मृतकों के नाम पंकज अशोकराव झाडे(35) और जयवंत पंढरी धानफुले(28) है।

Created On :   15 March 2025 11:30 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story