- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- मुंबई
- /
- महाराष्ट्र में पर्यटकों को खूब भा...
Mumbai News: महाराष्ट्र में पर्यटकों को खूब भा रही जंगलों की सैर , लगातार बढ़े पर्यटक

- 6 साल में वन विभाग के खजाने में 150 करोड़ रुपए हुए जमा
- 1 करोड़ 9 लाख 60 हजार 4 पर्यटकों ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया
Mumbai News महाराष्ट्र में पर्यटकों को राज्य के जंगलों की सैर खूब भा रही है। जंगल में बाघ और तेंदुआ जैसे वन्य जीवों को देखने के लिए हर साल बड़ी संख्या में पर्यटक जंगल सफारी के लिए पहुंच रहे हैं। महाराष्ट्र के टाईगर रिजर्व में 6 वर्षों के दौरान 1 करोड़ 9 लाख 60 हजार 4 पर्यटकों ने जंगल सफारी का लुत्फ उठाया है। इससे वन विभाग के खजाने में 158 करोड़ 97 लाख 63 हजार 941 रुपए का राजस्व जमा हुआ। ऐसा वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने दैनिक भास्कर को बताया कि राज्य में 52 हजार 386.37 वर्ग किलोमीटर यानि 20.15 प्रतिशत वन क्षेत्र है। राज्य में वन विभाग के अधिकार क्षेत्र में 52 अभ्यारण्य हैं। इनमें से चंद्रपुर ताड़ोबा, गढ़चिरौली, मुंबई के बोरीवली में स्थित संजय गांधी राष्ट्रीय उद्यान में जंगल सफारी का आनंद लेने के लिए पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ती है। खासकर जब से ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा उपलब्ध हुई है, पर्यटकों की आमद बढ़ी है।
विदर्भ के जंगलों में पहुंच रहे पर्यटक : अधिकारी ने बताया कि पर्यटक ऑनलाइन टिकट बुकिंग को प्राथमिकता दे रहे हैं। चंद्रपुर जिले के ताड़ोबा अंधारी टाइगर रिजर्व, नागपुर जिले के पेंच टाइगर रिजर्व, अमरावती जिले के मेलघाट टाइगर रिजर्व, चंद्रपुर गढ़चिरौली जिले के नवेगांव नागजीरा टाइगर रिजर्व, पुणे के सह्याद्री टाइगर रिजर्व, सतारा जिले के चिपलून टाइगर रिजर्व जैसे स्थानों पर हर दिन सैकड़ों पर्यटक जंगल सफारी का आनंद लेने आते हैं।
"पर्यटकों के अभयारण्य में भ्रमण के लिए आने से वन विभाग का राजस्व बढ़ रहा है। इससे सरकार पर्यटकों को अधिक सुविधाएं देने पर जोर दे रही है।' गणेश नाईक, वन मंत्री
Created On : 1 Jun 2025 2:14 PM